भारत से मैच पर बायकॉट का फैसला वापस ले सकता है पाकिस्तान : श्रीलंका की अपील, ICC का दबाव- अब सरकार और PCB की बातचीत
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। पहले जहां पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच खेलने से साफ इनकार कर दिया था, अब संकेत हैं कि इस फैसले पर पाकिस्तान यू-टर्न ले सकता है।
इसके तीन कारण सामने आ रहे हैं। पहला- श्रीलंका क्रिकेट (SLC) की पाकिस्तान से अपील। दूसरा- ICC का PCB पर गंभीर दबाव। तीसरा और आखिरी- भारत-पाकिस्तान मैच न होने से टूर्नामेंट और खुद पाकिस्तान का बड़ा नुकसान।
रिपोर्ट्स बताती हैं कि पाकिस्तान सरकार और PCB अब कोई बीच का रास्ता निकालने के फॉर्मूले पर काम कर रही हैं। जल्द ही इसका नतीजा सामने आ सकता है।
15 फरवरी को मैच शेड्यूल
भारत-पाकिस्तान मैच 15 फरवरी को कोलंबो में होना है। पाकिस्तान सरकार ने पहले ही बता कर दिया था कि उनकी टीम भारत के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरेगी, हालांकि टीम को वर्ल्ड कप खेलने की इजाजत दी गई है। इस फैसले के बाद ICC और ब्रॉडकास्टर्स को बड़ा नुकसान होगा, क्योंकि भारत-पाकिस्तान मैच से सबसे ज्यादा कमाई होती है।

श्रीलंका की पाकिस्तान से अपील
श्रीलंका क्रिकेट ने PCB को ईमेल भेजकर अपील की है कि वह अपने फैसले पर दोबारा विचार करे। श्रीलंका क्रिकेट का कहना है कि अगर भारत-पाकिस्तान मैच नहीं हुआ तो उन्हें टिकट बिक्री, हॉस्पिटैलिटी और स्पॉन्सरशिप सेक्टर में भारी नुकसान होगा। साथ ही टूर्नामेंट की छवि पर भी बुरा असर पड़ेगा, क्योंकि श्रीलंका भारत के साथ मिलकर इस वर्ल्ड कप की मेजबानी कर रहा है।

सिल्वा और नकवी की बातचीत
रिपोर्ट्स के मुताबिक- PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी से श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने सीधे बात की। सिल्वा ने नकवी को याद दिलाया कि जब 2009 में पाकिस्तान दौरे के वक्त श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने सुरक्षा कारणों से वापस लौटने की बात कही थी, तब श्रीलंका सरकार और बोर्ड ने पाकिस्तान का साथ दिया था और खिलाड़ियों को दौरा पूरा करने के निर्देश दिए थे।

नकवी ने क्या भरोसा दिलाया
सूत्रों का कहना है कि मोहसिन ने श्रीलंका क्रिकेट को भरोसा दिलाया है कि वह इस मामले को पाकिस्तान सरकार के सामने रखेंगे। नकवी फिलहाल देश से बाहर थे और लौटते ही यह मुद्दा प्रधानमंत्री के सामने रखा जाएगा। माना जा रहा है कि सोमवार तक इस पर फैसला आ सकता है।इस बीच खबर यह भी है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ICC के सामने कुछ शर्तें रखी हैं, जिनके आधार पर वह भारत के खिलाफ मैच खेलने पर दोबारा सोच सकता है। अगर पाकिस्तान मैच का बहिष्कार करता है तो उसे भारी आर्थिक जुर्माना भी झेलना पड़ सकता है।

पाकिस्तान कभी भी यू-टर्न ले सकता है
पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने भी इस मुद्दे पर बयान देते हुए कहा है कि पाकिस्तान कभी भी यू-टर्न ले सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि हालिया वक्त में भारत ने पाकिस्तान पर पूरी तरह दबदबा बनाया है। इरफान ने याद दिलाया कि 2025 एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को तीन बार हराया था।
फिलहाल, पाकिस्तान की टीम अपने बाकी मुकाबले कोलंबो और पल्लेकेले में खेल रही है। उसने नीदरलैंड्स के खिलाफ जीत से अभियान शुरू किया है।
अब नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या पाकिस्तान सरकार भारत के खिलाफ मैच खेलने की मंजूरी देती है या फिर यह हाई-वोल्टेज मुकाबला इतिहास बनने से पहले ही रद्द हो जाएगा।

