भारत की ODI टीम का ऐलान: हार्दिक–बुमराह से गायकवाड़-शमी तक; ये सावधानी में ही सफलता वाला मामला क्यों
Published:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैच की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर की वापसी को जहां मजबूती के रूप में देखा जा रहा है, वहीं कई बड़े और फॉर्म में चल रहे खिलाड़ियों का बाहर होना सवाल खड़े कर रहा है।हार्दिक पांड्या, जसप्रीत बुमराह, ऋतुराज गायकवाड़ मोहम्मद शमी और अक्षर पटेल जैसे नामों का न होना यह दिखाता है कि सिलेक्टर सिर्फ इस सीरीज को नहीं, बल्कि आने वाले टी20 वर्ल्ड कप और 2027 वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखकर फैसले ले रहे हैं।
पांड्या और बुमराह को आराम
हार्दिक पांड्या का न होना पूरी तरह स्ट्रैटेजिक फैसला माना जा रहा है। BCCI की मेडिकल टीम (CoE) ने उन्हें अभी तक वनडे में पूरे 10 ओवर गेंदबाजी के लिए फिट घोषित नहीं किया है। हार्दिक तीनों फॉर्मेट में अहम खिलाड़ी हैं और बोर्ड नहीं चाहता कि T20I वर्ल्ड कप से पहले उन्हें किसी तरह की इंजरी हो।
जसप्रीत बुमराह के मामले में भी यही सोच दिखती है। बुमराह अक्टूबर 2023 के बाद से कोई वनडे नहीं खेला। मैनेजमेंट अब उन्हें सीमित तौर पर ही इस्तेमाल करना चाहता है। साफ संकेत हैं कि बुमराह की वापसी सीधे 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी के दौरान ही होगी।

ऋतुराज गायकवाड़
ऋतुराज शतक के बाद भी टीम से बाहर हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आखिरी वनडे मैच में शतक लगाने वाले ऋतुराज गायकवाड़ का बाहर होना इस चयन का सबसे चौंकाने वाला पहलू है। आमतौर पर ऐसे प्रदर्शन के बाद खिलाड़ी को लंबा मौका दिया जाता है, लेकिन गिल और श्रेयस की वापसी ने उनकी जगह छीन ली।
सिलेक्टर ने बैकअप ओपनर के रूप में यशस्वी जायसवाल को तरजीह दी। इससे ऋतुराज को बाहर बैठना पड़ा। यह फैसला दिखाता है कि टीम मैनेजमेंट अब खिलाड़ियों को सिर्फ मौजूदा फॉर्म पर नहीं बल्कि फ्यूचर को देखते हुए टीम बना रहा हैं।

मोहम्मद शमी
मोहम्मद शमी का लगातार टीम से बाहर रहना बड़ा सवाल बनता जा रहा है। विजय हजारे ट्रॉफी 2025–26 में शमी ने अब तक (3 जनवरी) 11 विकेट लिए हैं। इसके बावजूद BCCI ने उन्हें नजरअंदाज किया। इससे लगता है कि सिलेक्टर्स अब सिराज, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे यंग ब्लड के साथ ही आगे बढ़ना चाहते हैं। शायद शमी को 50 ओवरों के फ्यूचर में फिट नहीं माना जा रहा है।

अक्षर पटेल
अक्षर पटेल का बाहर होना चौंका रहा है। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्हें रविंद्र जडेजा से ऊपर रखा गया। हालांकि अब अचानक उन्हें टीम में जगह नहीं मिली। माना जा रहा है कि दक्षिण अफ्रीका सीरीज के दौरान लगी चोट के कारण उन्हें आराम दिया गया है। साथ ही टी20 वर्ल्ड कप को देखते हुए BCCI उन्हें उस फॉर्मेट के लिए फिट रखना चाहती है। इस सीरीज में जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर को आजमाकर सिलेक्टर विकल्पों को परख रहे हैं।

तिलक वर्मा और ध्रुव जुरेल
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलने वाले तिलक वर्मा और ध्रुव जुरेल को भी टीम में जगह नहीं मिल सकी। इसका मतलब यह नहीं कि चयनकर्ता उनसे खुश नहीं हैं, बल्कि यह फैसला सीनियर खिलाड़ियों की वापसी के कारण लिया गया है। न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीम के खिलाफ चयनकर्ता एक्सपीरिएंस्ड प्लेयर को चांस देना चाहते हैं। युवाओं को भविष्य में फिर मौके मिलने की पूरी संभावना है।

किशन और पडिक्कल
ईशान किशन और देवदत्त पडिक्कल दोनों ही घरेलू क्रिकेट में शानदार फॉर्म में हैं। किशन ने विजय हजारे ट्रॉफी में शतक लगाया, वहीं पडिक्कल ने 5 मैचों में 4 सेंचुरी लगा दी। इसके बावजूद दोनों को मौका नहीं मिला। यह दिखाता है कि फिलहाल टीम में कोई खाली जगह नहीं है। जब गायकवाड़ जैसे खिलाड़ी को बाहर बैठना पड़ रहा है, तो पडिक्कल जैसे बैट्समैन के लिए मौका मिलना और भी मुश्किल हो जाता है।

भारतीय वनडे टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान)*, वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह और यशस्वी जायसवाल।

