इंडिया-ए वुमन्स ने पाकिस्तान को हराया: राइजिंग एशिया कप मैच 10 ओवर में 8 विकेट से जीता, दिनेश वृंदा प्लेयर ऑफ द मैच
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. वुमन्स राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में रविवार (15 फरवरी) को इंडिया-ए और पाकिस्तान-ए टीम के बीच मैच खेला गया। यह मुकाबला एकतरफा रहा, जिसे भारतीय टीम ने 10.1 ओवर में ही 8 विकेट से जीत लिया। इस मैच में दिनेश वृंदा ने मैच विनिंग इनिंग खेली। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पाकिस्तान टीम 93 रन पर सिमटी
बैंकॉक में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान की वुमन्स टीम ने टॉस जीतकर बैटिंग का फैसला किया था। इसके बाद यह टीम 18.5 ओवर में 93 रन ही बना सकी। इस तरह इंडिया को 94 रन का टारगेट मिला।
पाकिस्तान की ओर से शावाल जुल्फिकार ने सबसे ज्यादा 23 रन बनाए। गुल रुख ने 21 और अनोशा नासिर ने 17 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी बैटर दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। भारतीय टीम की ओर से प्रेमा रावत, सीमा ठाकुर और राधा यादव ने 2-2 विकेट लिए।
इंडिया ने 10.1 ओवर में मैच जीता
94 रन के टारगेट को इंडिया-ए की वुमन्स टीम ने 10.1 ओवर में 2 विकेट गंवाकर चेज कर लिया। टीम की शुरुआत खराब रही थी। पहला विकेट पारी की पहली ही बॉल पर गिर गया था। हुमैरा काजी गोल्डन डक पर आउट हुईं। यहां से दिनेश वृंदा ने मोर्चा संभाला और 29 बॉल पर नाबाद 55 रनों की पारी खेली।
अनुष्का शर्मा ने 26 बॉल पर 24 रन बनाए। जबकि तेजस हसबनीस ने 5 बॉल पर नाबाद 12 रन बनाए। पाकिस्तान के लिए मोमिना रीसत और वहीदा अख्तर ने 1-1 विकेट लिया।
एशिया कप में 8 टीमें खेल रहीं
वुमन्स इमर्जिंग एशिया कप में 8 टीमें खेल रही हैं। ग्रुप-ए में इंडिया और पाकिस्तान के साथ नेपाल और UAE की टीमें भी हैं। जबकि ग्रुप-बी में श्रीलंका, बांग्लादेश, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें हैं। अफगानिस्तान में महिला क्रिकेट पर बैन है। इस कारण यह टीम नहीं खेल रही है।
इस तरह होगा टूर्नामेंट का फॉर्मेट
इस एशिया कप में सभी 8 टीमें ग्रुप स्टेज में मुकाबले खेलेंगी। इस राउंड में हर एक टीम 3-3 मैच खेलेगी। इस तरह दोनों ग्रुप से कुल 12 मैच होंगे। इसके बाद दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेगी। 20 फरवरी को दोनों सेमीफाइनल होंगे। जबकि 22 फरवरी को फाइनल खेला जाएगा। इस बार टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जा रहा है।

