डू-ऑर-डाई मैच आज: इंडिया 9 साल से कोलकाता में हारी नहीं, वेस्टइंडीज ने 2016 वर्ल्ड कप यहीं जीता था; देखिए कम्प्लीट मैच प्रीव्यू
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज (1 मार्च) सुपर-8 के आखिरी दो मैच खेले जाएंगे। दोपहर में 3 बजे से साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के बीच दिल्ली में मैच होगा। यह औपचारिक मुकाबला है। अफ्रीका सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है, जबकि जिम्बाब्वे बाहर है। शाम को दूसरा मैच डू-ऑर-डाई का होने वाला है।
इस मुकाबले में भारतीय टीम की टक्कर वेस्टइंडीज से होगी। यह मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। इस मैदान पर दोनों ही टीम का रिकॉर्ड शानदार रहा है।
इंडिया 9 साल से कोलकाता में हारी नहीं
भारतीय टीम ने कोलकाता के इस मैदान पर पहला टी20 मैच 29 अक्टूबर 2011 को इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। इसमें 6 विकेट से हार मिली थी। इस के बाद से भारतीय टीम इस मैदान पर कोई भी टी20 मैच हारी नहीं है। दूसरा मैच रद्द हुआ था। इसके बाद लगातार 7 टी20 जीते। इसी दौरान वेस्टइंडीज को 4 मैच में हराया।

वेस्टइंडीज ने 2016 वर्ल्ड कप यहीं जीता था
कैरेबियन टीम के लिए यह मैदान काफी लकी रहा है। उसने इसी मैदान पर वेस्टइंडीज ने 2016 टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल जीता था। तब इंग्लैंड को 4 विकेट से हराकर खिताब जीता था।
पिच रिपोर्ट
ईडन गार्डन्स के हेड क्यूरेटर सुजान मुखर्जी ने कहा- यह एक टिपिकल ईडन विकेट है जिस पर खूब रन बनते हैं और इसमें बॉलर्स के लिए भी कुछ होगा। मुखर्जी ने यह भी वॉर्निंग दी कि शाम को ओस भी अहम भूमिका निभा सकती है।
यदि पिच सच में इसी तरह की हुई तो भारतीय टीम को इससे कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। धीमी, पकड़ वाली पिचों पर बड़ी दिक्कतें आई हैं, जहां विरोधी टीम के स्पिनर और वेरिएशन पसंद करने वाले पेसर हावी रहते हैं।
टीम इंडिया इस वर्ल्ड कप में ईडन गार्डन्स में अपना पहला मैच खेलने उतरेगी। जबकि वेस्टइंडीज ने दो मैच खेले और जीते हैं। इसी मैदान पर टूर्नामेंट का पहला 200+ स्कोर बना था। स्कॉटलैंड ने इटली के खिलाफ 207/4 स्कोर किया था। ऑफ-स्पिनर माइकल लीस्क ने 4 विकेट लिए थे। इसी पिच पर यह मैच भी खेला जाएगा।

वेदर रिपोर्ट
कोलकाता में रविवार को बारिश की आशंका 0% है। अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मैच के दौरान हल्के बादल छाए रहेंगे।
इंडिया-वेस्टइंडीज की पॉसिबल प्लेइंग-11
भारतीय टीम: संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती।
वेस्टइंडीज: ब्रैंडन किंग, शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), शिमरोन हेटमायर, रोस्टन चेस, शेरफेन रदरफोर्ड, रोवमैन पॉवेल, जेसन होल्डर, रोमारियो शेफर्ड, मैथ्यू फोर्दे, गुडाकेश मोती और शेमार जोसेफ।

