एशिया कप 2025 शेड्यूल: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान से भिड़ेगी भारतीय क्रिकेट टीम! जानिए वेन्यू और तारीख
Published: Updated:
3 min read

पाकिस्तान के खिलाफ एक मैच में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह।
7 मई 2025… यह वही तारीख थी, जब भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। साथ ही कई आतंकियों को मार गिराया था। इसके बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि इसका असर क्रिकेट के मैदान पर भी दिखेगा। भारतीय टीम और पाकिस्तान शायद ही मैदान पर एकदूसरे के खिलाफ मैच खेलती नजर आएं।
मगर अब इन खबरों को दरकिनार करते हुए क्रिकेट फैन्स के लिए अच्छी खबर सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स में एशिया कप 2025 का शेड्यूल सामने आया है। इसमें दावा किया गया है कि भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 7 सितंबर को हो सकता है।
भारत से छिन सकती है टूर्नामेंट की मेजबानी
यदि ऐसा होता है कि तो ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारतीय टीम और पाकिस्तान के बीच यह पहला मुकाबला होगा। शेड्यूल के मुताबिक, भारत-पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव के चलते पूरा टूर्नामेंट UAE में शिफ्ट हो सकता है। फिलहाल, एशिया कप का मेजबान भारत ही है।
हालांकि अभी तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की ओर से शेड्यूल को लेकर कोई बयान नहीं आया है। न ही टूर्नामेंट को शिफ्ट करने पर कोई पुष्टि हुई है। रिपोर्ट्स की मानें तो एशिया कप 2025 का आगाज 5 सितंबर को हो सकता है।
इस बार टी20 फॉर्मेट में होगा एशिया कप
जबकि फाइनल 21 सितंबर को खेला जाना है। इस तरह टूर्नामेंट सिर्फ 17 दिन तक चलेगा। इसमें 6 टीमें भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और UAE हिस्सा लेंगी। इन सभी को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। इसके बाद टॉप-4 टीमों के बीच राउंड रॉबिन फॉर्मेट में सुपर-4 मुकाबले होंगे। फिर टॉप-2 टीमों के बीच खिताबी मुकाबला होगा।
इस तरह सुपर-4 में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला देखने को मिल सकता है। यानी क्रिकेट फैन्स को भारत-पाकिस्तान के बीच मैच का डबल डोज देखने को मिल सकता है। यदि दोनों फाइनल में पहुंचे तो ट्रिपल डोज भी मिल सकता है। अगले साल टी20 वर्ल्ड कप होना है। ऐसे में यह एशिया कप सीजन भी टी20 फॉर्मेट में ही खेला जाएगा।
भारत ने सबसे ज्यादा बार जीता खिताब
1984 में एशिया कप का पहला सीजन वनडे फॉर्मेट में UAE की मेजबानी में खेला गया था। तब टूर्नामेंट में सिर्फ तीन ही टीमें भारत, पाकिस्तान और श्रीलंका थीं। दूसरे सीजन से बांग्लादेश को भी शामिल किया गया था। पहले सीजन में भारतीय टीम चैम्पियन बनी थी। अब तक टूर्नामेंट में भारत का ही दबदबा रहा है।
एशिया कप में अब तक 16 सीजन के विनर
|
टीम |
खिताब जीते |
कब-कब |
|
भारत |
8 बार |
1984, 1989, 1990–91, 1995, 2010, 2016, 2018, 2023 |
|
श्रीलंका |
6 बार |
1986, 1997, 2004, 2008, 2014, 2022 |
|
पाकिस्तान |
2 बार |
2000, 2012 |

