IND Vs NZ तीसरा ODI आज: इंडिया इंदौर में कोई वनडे नहीं हारी; टॉस थोड़ी देर में
Published:
3 min read

सीरीज का पहला वनडे भारतीय टीम ने 4 विकेट से जीता था। दूसरे मैच में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से जीत मिली थी। (@ICC)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम और न्यूजीलैंड के बीच तीन ODI की सीरीज का आखिरी मैच आज (18 जनवरी) खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच सीरीज अभी 1-1 की बराबरी पर है। अब यह डिसाइडर मैच इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला दोपहर 1.30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस आधा घंटे पहले होगा।
इंदौर के इस मैदान पर भारतीय टीम का वनडे रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। टीम यहां अब तक एक भी ODI नहीं हारी है। टीम इंडिया ने होल्कर स्टेडियम में 7 वनडे खेले और सभी जीते हैं।
दूसरी ओर न्यूजीलैंड का इस मैदान पर यह दूसरा वनडे होगा। इससे पहले एक ही मैच खेला, जिसमें भारतीय टीम ने 90 रन से हराया था। यह वनडे 24 जनवरी 2023 को हुआ था।
पिच रिपोर्ट
होलकर स्टेडियम की पिच बैटिंग को सपोर्ट करती है। यहां की बाउंड्री भी छोटी है। ऐसे में इस मैदान पर बड़े स्कोर बनते हैं। यहां तेज गेंदबाजों को हल्का बाउंस मिलने की उम्मीद है, लेकिन विकेट लेने और रन बचाने के लिए उन्हें स्ट्रगल करना पड़ सकता है।
2011 में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में वीरेंद्र सहवाग ने 219 रनों की पारी खेली थी। इसी मैच में इंडिया ने 418 का स्कोर बनाया था।

मौसम का हाल
Accuweather के मुताबिक, इंदौर में रविवार को मौसम काफी साफ और क्रिकेट के लिए अनुकूल रहने की उम्मीद है। तापमान अधिकतम 27 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश की आशंका बिल्कुल भी नहीं है।
कहां देखें इंडिया Vs न्यूजीलैंड वनडे
इंडिया-न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। जबकि मोबाइल यूजर्स Jio Hotstar ऐप/वेबसाइट पर भी लाइव देख सकते हैं। राज एक्सप्रेस पर भी लाइव अपडे्स रहेंगे।
दोनों टीमों में बदलाव संभव
भारतीय प्लेइंग-11 में दो बदलाव हो सकते हैं। नीतीश कुमार रेड्डी की जगह आयुष बदोनी और प्रसिद्ध कृष्णा की जगह अर्शदीप सिंह को मौका मिल सकता है। दूसरी ओर न्यूजीलैंड की प्लेइंग-11 में स्पिनर आदित्य अशोक की जगह जेडेन लेनॉक्स की एंट्री हो सकती है।

न्यूजीलैंड अब तक भारत में ODI सीरीज नहीं जीती
न्यूजीलैंड ने अब तक भारत में कोई भी बाइलेटरल ODI सीरीज नहीं जीती है। भारत में दोनों टीमों के बीच 7 सीरीज (इससे पहले) हुई हैं। सभी में भारतीय टीम को जीत मिली। आज यदि न्यूजीलैंड की टीम तीसरा वनडे जीतती है, तो वह पहली बार टीम इंडिया के खिलाफ भारतीय जमीन पर कोई बाइलेटरल ODI सीरीज जीतेगी।
इंडिया की पॉसिबल प्लेइंग-11
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी/आयुष बदोनी, रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा/अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज।
न्यूजीलैंड की पॉसिबल प्लेइंग-11
डेवॉन कॉन्वे , हेनरी निकोल्स, विल यंग, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मिच हे (विकेटकीपर), माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), जैक फॉल्क्स, क्रिस्टियन क्लार्क, काइल जेमिसन और आदित्य अशोक/जेडेन लेनॉक्स।

