अभिषेक शर्मा का खेलना मुश्किल: बुमराह- वॉशिंगटन सुंदर फिट, यहां कम्पलीट मैच प्रीव्यू
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के 18वें मुकाबले में आज (12 फरवरी) भारत और नामीबिया आमने-सामने होंगे। यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा। टीम इंडिया टूर्नामेंट का अपना दूसरा मैच खेलेगी। सूर्यकुमार यादव टीम इंडिया की कप्तानी करेंगे। गेरहार्ड इरास्मस टीम नामीबिया को लीड करेंगे।
अभिषेक की फिटनेस
अभिषेक शर्मा पेट में इन्फेक्शन की वजह से दिल्ली के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट हैं। PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, वह पिछले 2 दिन से भर्ती हैं। अभी यह साफ नहीं है कि उन्हें डिस्चार्ज किया जाएगा या नहीं। इसलिए नामीबिया के खिलाफ उनका खेलना मुश्किल लग रहा है। मुंबई में USA के खिलाफ मैच के दौरान वे पहली ही बॉल पर आउट हो गए थे।
सैमसन और ईशान ओपनिंग कर सकते है
संजू सैमसन और ईशान किशन ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। न्यूजीलैंड सीरीज के बाद टीम कॉम्बिनेशन बदला गया। ईशान को विकेटकीपर बैटर के तौर पर मौका दिया गया।
बुमराह- वॉशिंगटन सुंदर फिट
भारत के लिए अच्छी खबर यह है कि जसप्रीत बुमराह पूरी तरह से फिट हैं। वायरल बुखार के चलते वे USA के खिलाफ मैच नहीं खेल पाए थे। दिल्ली में प्रैक्टिस सेशन के दौरान उन्होंने पूरी स्पीड से बॉलिंग की। वॉशिंगटन सुंदर भी साइड स्ट्रेन से ठीक हो गए हैं। उन्होंने नेट्स में बॉलिंग और बैटिंग की प्रैक्टिस की है।
हेड टू हेड रिकॉर्ड
भारत और नामीबिया के बीच अब तक सिर्फ 1 T20I खेला गया है। मुकाबला भारत ने जीता था। दोनों टीमों के बीच यह मैच T20 वर्ल्ड कप 2021 के दौरान दुबई में खेला गया था। नामीबिया ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 132 रन बनाए। जवाब में भारत ने 15.1 ओवर में 1 विकेट खोकर 136 रन बनाकर 9 विकेट से जीत दर्ज की।
उस मैच में रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन ने 3-3 विकेट लिए थे। जसप्रीत बुमराह को 2 विकेट मिले थे। रोहित शर्मा ने 56 रन, केएल राहुल ने 54 रन और सूर्यकुमार यादव ने 25 रन बनाए थे।
कब और कहां देखें मैच
मैच को स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव देखा जा सकता है। ऑनलाइन स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर अवेलेबल होगी। इसके अलावा मैच के तमाम लाइव अपडेट्स और दूसरी खबरें आपको राज एक्सप्रेस पर मिलेंगी।
पिच रिपोर्ट
अरुण जेटली स्टेडियम की पिच को आम तौर पर बैट्समैन फ्रेंडली पिच माना जाता है। अगर वे सब्र से खेलें तो वे बड़ा स्कोर कर सकते हैं। यहां बाउंड्री काफी छोटी हैं। इसलिए छक्कों की बारिश होने की पॉसिबिलिटी है। पिच बीच के ओवरों में स्पिनरों को भी मदद देती है।
वेदर रिपोर्ट
12 फरवरी को दिल्ली में मौसम ठीक रहेगा। दिन में तापमान करीब 23 से 25 डिग्री के आसपास रह सकता है। हल्की गर्माहट महसूस होगी। सुबह थोड़ा कोहरा दिख सकता है। दोपहर में आसमान साफ रहेगा। बारिश की पॉसिबिलिटी नहीं है।
प्लेइंग इलेवन
टीम इंडिया की पॉसिबल प्लेइंग 11: संजू सैमसन(विकेटकीपर), ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह।
नामीबिया की पॉसिबल प्लेइंग 11 : जेरार्ड इरास्मस (कप्तान), जॉन फ्राइलिनक,लॉरेन स्टीनकैंप, निकोल लोफ्टी-ईटन, जेजे स्मिट, जेन ग्रीन (विकेटकीपर), रूबेन ट्रम्पेलमैन, बर्नार्ड शोल्ट्ज, मैक्स हेंगो, डायलन लीचर और विलेम मायबर्ग।

