इंडिया Vs इंग्लैंड अंडर-19 मैच: 6,6,6… 14 साल के सूर्यवंशी ने अंग्रेज गेंदबाजों को उनके घर में धोया, भारतीय टीम को दिलाई आसान जीत
Published:
2 min read

14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड अंडर-19 टीम के खिलाफ 48 रनों की पारी खेली।
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टेस्ट टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर 5 टेस्ट की सीरीज खेल रही है। इसी दौरान भारत की अंडर-19 टीम भी इंग्लैंड पहुंची। जहां इंग्लैंड की अंडर19 टीम के खिलाफ 5 मैच की वनडे सीरीज खेल रही है। पहला मुकाबला होवे में हुआ, जहां 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अंग्रेज गेंदबाजों की क्लास लगा दी।
शुक्रवार को हुए इस मैच में वैभव ने 19 गेंदों पर 48 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान 5 छक्क और तीन चौके लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 252.63 का रहा। इसी पारी में वैभव ने एक ही ओवर में 3 छक्के लगाते हुए कुल 21 रन बनाए।
50 ओवर के इस मैच में टीम इंडिया को 175 रन का टारगेट मिला था। जवाब में मैन इन ब्लू ने 24 ओवर में ही 6 विकेट से मैच जीत लिया।
जैक होम के पांचवें ओवर में जड़े तीन छक्के
पारी का 5वां ओवर मीडियम पेसर जैक होम ने किया। इसी ओवर में वैभव ने तीन छक्के लगाए। इस ओपनर ने पहली, चौथी और पांचवीं गेंद पर छक्के लगाए। 14 साल के ओपनर और कप्तान आयुष म्हात्रे ने वैभव के साथ 45 गेंदों में 71 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की।
आयुष 30 गेंदों में 21 रन बनाकर एएम फ्रेंच की बॉल पर आउट हुए। इनके अलावा अभिग्यन कुंडू ने 34 गेंदों पर नाबाद 45 रन की पारी खेली।
इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में फ्रेंच सबसे सफल रहे। उन्होंने 6 ओवर में 46 रन देकर 2 विकेट लिए। वहीं जैक होम और राल्फी अल्बर्ट ने एक-एक विकेट लिए।
इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड टीम 43 ओवर में 174 रन बनाकर ऑलआउट हुई। रॉकी फ्लिंटॉफ ने 90 गेंदों में 56 रन और इस्साक मोहम्मद ने 28 गेंदों पर 42 रन की शानदार पारी खेली।
गेंदबाजी में टीम इंडिया के लिए कनिष्क चौहान ने 20 रन देकर 3 विकेट लिए। इसमें एक मेडन ओवर भी शामिल था। हेनिल पटेल, आरएस अम्बरीश और मोहम्मद इनान ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।

