इंडिया Vs इंग्लैंड सीरीज: अंग्रेजों को उनके गढ़ में हराने की तैयारी… शुभमन गिल की कप्तानी में इतिहास रचने का मौका
Published:
2 min read

भारतीय टेस्ट टीम।
शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों इंग्लैंड दौरे पर है। यहां दोनों टीमों के बीच 5 टेस्ट की सीरीज खेली जा रही है। दूसरा मैच 2 जुलाई से बर्मिंघम में खेला जा रहा है। सीरीज का पहला टेस्ट 20 जून से लीड्स में खेला गया था, जिसमें भारतीय टीम को हार मिली थी।
इस तरह इंग्लैंड ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। ऐसे में टीम इंडिया को बराबरी के लिए यह मैच हर हाल में जीतना होगा। एजबेस्टन टेस्ट की पहली पारी में मैच भारत की झोली में जाता दिख रहा है।
दरअसल, बर्मिंघम टेस्ट में भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 587 रन बनाए। शुभमन गिल ने 269 रन की पारी खेली। जबकि रवींद्र जडेजा ने 89 और यशस्वी जायसवाल ने 87 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए स्पिनर शोएब बशीर ने 3 विकेट लिए। जबकि इंग्लिश टीम ने अपनी पहली पारी में 84 रन पर ही 5 विकेट गंवा दिए।
भारत-पाकिस्तान ने यहां 8 मैच खेले
यहां से यदि भारतीय टीम यह मैच जीतती है, तो वो इस मैदान पर टेस्ट जीतने वाली एशिया की पहली टीम बन जाएगी। बर्मिंघम के इस मैदान पर टीम इंडिया ने इससे पहले सिर्फ 8 टेस्ट खेले, जिसमें एक भी जीत दर्ज नहीं की। इस दौरान 7 मैच हारे, जबकि एक टेस्ट ड्रॉ रहा।
भारत के अलावा एशियाई टीमों में पाकिस्तान और श्रीलंका ने इस मैदान पर टेस्ट मैच खेले, लेकिन कोई भी जीत दर्ज नहीं कर सका। भारत और पाकिस्तान ने 8 मैच खेले। श्रीलंकाई टीम ने बर्मिंघम में 2 टेस्ट मैच खेले हैं। दूसरी ओर इंग्लैंड टीम ने यहां सबसे ज्यादा 56 टेस्ट खेले, जिसमें 30 जीते और 11 हारे हैं। 15 मैच ड्रॉ रहे।
भारत-इंग्लैंड की प्लेइंग-11
भारतीय टीम: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, करुण नायर, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उप-कप्तान/विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, आकाश दीप, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा.
इंग्लैंड टीम: जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोश टंग और शोएब बशीर.

