टेस्ट में शुभमन गिल पास: विराट-गावस्कर का रिकॉर्ड तोड़ा, इंग्लैंड में सबसे बड़ी पारी; लगाया दोहरा शतक
Published:
3 min read

भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने बर्मिंघम टेस्ट में दोहरा शतक लगाया। ( Getty Images )
भारत और इंग्लैंड के बीच बर्मिंघम में खेले जा रहे एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के दूसरे मैच में टीम इंडिया ने पहली पारी में 587/10 रन बनाए। टीम की इस बड़ी पारी के हीरो कप्तान शुभमन गिल रहे, जिन्होंने टेस्ट करियर की सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 269 रन बनाए। इस दोहरे शतक की मदद से भारत मजबूत स्थिति में पहुंच गया। गिल ने इस दौरान दो बड़े रिकॉर्ड भी तोड़े। उन्होंने विराट कोहली और सुनील गावस्कर जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया।
गिल ने विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ा
पहली पारी में शुभमन गिल टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले भारतीय कप्तान बन गए हैं। उन्होंने 269 रन की शानदार पारी के साथ विराट कोहली (नाबाद 254 रन) का रिकॉर्ड तोड़ दिया। कोहली ने 2019 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ कप्तान रहने पुणे में ये पारी खेली थी।
इंग्लैंड में बनाया सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड
शुभमन गिल ने इंग्लैंड की धरती पर किसी भी भारतीय बल्लेबाज की सबसे बड़ी टेस्ट पारी खेलने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले सुनील गावस्कर ने 1979 में द ओवल में 221 रन बनाए थे। गिल की यह पारी इंग्लैंड में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा खेली गई अब तक की सबसे बड़ी टेस्ट पारी बन गई है।
टीम इंडिया की पहली पारी
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन कप्तान बेन स्टोक्स का फैसला गलत साबित हुआ। पहली पारी में भारत के सामने इंग्लिश गेंदबाज का जोर नहीं चल सका। भारत की ओर से शुभमन गिल ने शानदार 269 रन की बदौलत पहली पारी में 10 विकेट खोकर 587 रन बनाए। गिल के अलावा यशस्वी जायसवाल ने 87 रन, रविन्द्र जडेजा ने 89 रन और वाशिंगटन सुंदर ने 42 रन का योगदान दिया।
इंग्लैंड की ओर से शोएब बशीर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 45 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं क्रिस वोक्स और जोश टंग ने 2-2 विकेट चटकाए, जबकि ब्रायडन कार्स, जो रूट और इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स को 1-1 विकेट मिला।
इंग्लैंड को लगे तीन झटके
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने पहली पारी में 3 विकेट के नुकसान पर 77 रन बनाए। जो रूट 18 रन और हैरी ब्रूक 30 रन बनाकर नाबाद रहे। दोनों के बीच 50 रन की अच्छी साझेदारी हुई। भारत की तरफ से आकाशदीप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज ने 1 विकेट लिया। भारतीय गेंदबाजों ने अच्छी शुरुआत की और इंग्लैंड की टीम पर दबाव बनाए रखा।

