इंडिया Vs इंग्लैंड बर्मिंघम टेस्ट: दूसरे टेस्ट से पहले भारतीय टीम से बाहर हुआ ये गेंदबाज, खराब प्रदर्शन के बावजूद किया था सेलेक्ट; जानिए मामला
Published: Updated:
3 min read

यशस्वी जायसवाल और हर्षित राणा। (BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है। यहां दोनों टीमों के बीच 5 टेस्ट की सीरीज खेली जा रही है। पहला मुकाबला लीड्स में हुआ, जिसमें इंग्लैंड ने 5 विकेट से जीत दर्ज की। इस तरह मेजबान टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।
अब भारतीय टीम और इंग्लैंड के बीच सीरीज का दूसरा मुकाबला बर्मिंघम में होगा। यह मैच 2 जुलाई से खेला जाएगा। मगर इससे पहले भारतीय टीम में एक बड़ा बदलाव हुआ है।
अनऑफिशियल मैच में लिया था 1 विकेट
तेज गेंदबाज हर्षित राणा को स्क्वॉड से बाहर कर दिया है। वे दूसरे टेस्ट के लिए भारतीय टीम के साथ बर्मिंघम नहीं पहुंचे हैं। दरअसल, भारतीय टीम में कोई एक गेंदबाज चोटिल था। ऐसे में 23 साल के हर्षित को बतौर बैकअप टीम में रखा गया था। मगर अब सब कुछ ठीक है। इस कारण हर्षित को रिलीज कर दिया गया।
हर्षित इंडिया-ए टीम के साथ इंग्लैंड दौरे पर गए थे। यहां उन्होंने केंटरबरी में लायंस टीम के खिलाफ अनऑफिशियल मैच खेला था। इसमें 99 रन देकर 1 विकेट लिया था। इसके बावजूद हर्षित को सेलेक्ट किया गया, जिसकी काफी आलोचना हुई थी।
5 शतक लगाकर मैच हारने वाली पहली टीम
पहले टेस्ट में ऋषभ पंत, गिल, यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने शतक लगाए थे, जो बेकार गए। मैच में टॉस हारकर भारतीय टीम ने पहली पारी में 471 रन बनाए। जबकि इंग्लैंड टीम 465 रन ही बना सकी। इस तरह पहली पारी में भारत को 6 रन की बढ़त मिली। दूसरी पारी में टीम इंडिया ने 364 रन बनाते हुए 371 रन का टारगेट सेट किया। जवाब में इंग्लैंड ने 5 विकेट से मैच जीत लिया।
पहली पारी में यशस्वी ने 101, गिल ने 147 और पंत ने 134 रन बनाए थे। जबकि दूसरी पारी में भारतीय टीम की ओर से केएल राहुल ने 137 और पंत ने 118 रन की शतकीय पारी खेली थी।
यह भारतीय टीम की अपनी सबसे बड़ी हार है। वह टेस्ट की पहली पारी में 471 रन बनाकर पहली बार मुकाबला हारी है। साथ ही क्रिकेट इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है, जब किसी टीम के खिलाड़ियों ने एक टेस्ट में 5 शतक लगाए और वह टीम मैच हार गई।
इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट स्क्वॉड:
शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उप-कप्तान/विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह।

