बर्मिंघम टेस्ट में जीत के हीरो: आकाश दीप बोले- ये जीत बहन के नाम; इस तेज गेंदबाज की बहन को कैंसर
Published: Updated:
4 min read

बहन के साथ आकाश दीप। (Instagram)
भारतीय टीम ने इंग्लैंड को एजबेस्टन में खेले गए सीरीज के दूसरे टेस्ट में 336 रन से हरा दिया। इस बड़ी जीत में तेज गेंदबाज आकाश दीप हीरो रहे, जिन्होंने मैच में 10 विकेट लिए। मुकाबले के बाद आकाश ने ये जीत अपनी बड़ी बहन अखंड ज्योति के नाम कर दी। इस पेसर की बहन दो महीने से कैंसर से जंग लड़ रही हैं।
आकाश दीप ने कहा, 'मैंने अब तक किसी को ये बात नहीं बताई थी। मेरी बड़ी बहन को दो महीने से कैंसर है। अब उनकी हालत स्थिर हैं। वो पहले से ठीक हैं। मुझे लगता है वो मेरी इस परफॉर्मेंस को देखकर सबसे ज्यादा खुश होंगी। मैं ये मैच उन्हें डेडिकेट करना चाहता हूं। मैं चाहता था कि उनके चेहरे पर मुस्कान आए।'
बहन को दिया इमोशनल मैसेज
28 साल के आकाश दीप ने बहन के नाम जीत करते हुए कहा, 'ये आपके लिए है। जब भी मैं गेंद हाथ में लेता था, आपका चेहरा मेरे सामने होता था। मैं बस आपकी खुशी देखना चाहता हूं। हम सब आपके साथ हैं।'
बर्मिंघम टेस्ट: आकाश का परफॉर्मेंस
बर्मिंघम में खेले गए दूसरे टेस्ट में आकाश ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 6 विकेट लिए। वह इंग्लैंड की सरजमीं पर एक टेस्ट में 10 विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह कमाल चेतन शर्मा ने किया था।
VIDEO | Indian pace bowler Akash Deep dedicated his success in Edgbaston Test to his cancer-stricken sister Akhand Jyoti. She shares her feelings:
— Press Trust of India (@PTI_News) July 7, 2025
"Akash has dedicated his biggest achievement to me, I am feeling very proud. He has made the country proud. He was youngest among… pic.twitter.com/CQVlddKd9h
'सही एरिया में बॉलिंग करना ही प्लान था'
भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने भी आकाश की तारीफ करते हुए कहा, 'आकाश ने दिल से गेंदबाजी की। उन्होंने जो लाइन और लेंथ पकड़ी, उसने इंग्लिश बल्लेबाजों को काफी परेशान किया।'
आकाश ने मैच के बाद कहा, 'हमने भारत में इस तरह की पिचों पर काफी क्रिकेट खेली है। हमारा प्लान एक ही था। मैं सही एरिया में बॉल करना चाहता था। पिच पर हमारा कोई कंट्रोल नहीं है। मैं सिर्फ लाइन-लेंथ पर बॉलिंग करने की कोशिश करना चाहता था। अगर आप सही एरिया में बॉलिंग करते हैं, तो मूवमेंट मिलती है।'
दो महीने में पिता और बड़े भाई का निधन
2010 के करीब आकाश और उनके परिवार पर मुश्किलें आईं। कुछ समय बाद उनके पैरालाइज्ड पिता का निधन हो गया। इस दुख से यह गेंदबाज अभी निकल भी नहीं पाया था कि कुछ ही दिनों में बड़े भाई का भी असमय निधन हो गया। आकाश ने 2 महीने में दोनोंं को खो दिया। परिवार की सारी जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई। वे करीब तीन साल तक क्रिकेट से दूर रहे।
आकाश ने 2016 में एक बार फिर अपने सपनों को जिंदा किया। वे पश्चिम बंगाल पहुंचे और दुर्गापुर में टेनिस-बॉल क्रिकेट खेलने लगे, ताकि घर का खर्च चला सकें। वहीं से उन्हें बंगाल सर्किट से उनकी पहचान बनी फिर उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। दिसंबर 2019 में आकाश ने कोलकाता के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट में डेब्यू किया। 2021 IPL में उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने खरीदा।
आकाश का टेस्ट करियर
आकाश ने फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ ही टेस्ट डेब्यू किया था। शुरुआती मैचों में प्रदर्शन औसत रहा। अब तक खेले गए 8 टेस्ट की 14 पारियों में आकाश ने 25 विकेट लिए। उनका इकॉनोमी रेट महज 3.80 का है, जो उन्हें एक भरोसेमंद और किफायती गेंदबाज बनाता है। बर्मिंघम टेस्ट में 10 विकेट लेकर उन्होंने यह जता दिया कि वह अब टीम इंडिया के लिए एक प्रमुख गेंदबाज बन चुके हैं।

