इंडिया ने U19 वर्ल्ड कप में दूसरा मैच जीता: बांग्लादेश को 18 रन से हराया, विहान और खिलन ने हारा मैच जिताया
Published: Updated:
4 min read

भारतीय बॉलर विहान मल्होत्रा ने 4 ओवर में 14 रन देकर 4 विकेट लिए। खिलन पटेल ने 2 विकेट अपने नाम किए। (@ICC)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम ने U19 वर्ल्ड कप 2026 में अपना दूसरा मैच भी जीत लिया है। बारिश से बाधित इस मैच में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को डकवर्थ लुईस नियम से 18 रन से हराया। यह मुकाबला शनिवार (17 जनवरी) को बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब खेला गया। मैच के हीरो विहान मल्होत्रा और खिलन पटेल रहे।
मैच में भारतीय टीम ने 239 रन का टारगेट दिया था। बारिश के कारण मैच को दो बार रोका गया। इसके बाद डकवर्थ लुईस नियम के हिसाब से 29 ओवर में 165 का टारगेट कर दिया गया।
विहान ने 4 और खिलन ने 2 विकेट लेकर मैच पलटा
इसके जवाब में बांग्लादेश टीम 146 रन पर ही ढेर हो गई। उसके लिए कप्तान अजिजुल हकीम ने 51 रनों की पारी खेली। रिफत बेग ने 37 रन बनाए। टीम इंडिया के लिए विहान मल्होत्रा ने 4 ओवर में 14 रन देकर 4 विकेट लिए। खिलन पटेल ने 2 विकेट अपने नाम किए। 1-1 सफलता दीपेश देवेंद्रन, हेनिल पटेल और कनिष्क चौहान को मिली।
एक समय बांग्लादेश के 21 ओवर में 2 विकेट पर 106 रन थे। यहां से लग रहा था कि बांग्लादेश टीम आसानी से मैच जीत लेगी, लेकिन विहान और खिलन ने बाजी पलट दी। दोनोंं ने कुल 6 विकेट लेकर बांग्लादेश टीम को ढेर कर दिया। इन दोनों बॉलर्स के आगे बांग्लादेशी बैटर्स की एक भी नहीं चली।
वैभव और कुंडू की फिफ्टी
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 8 विकेट पर 238 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी ने 30 बॉल और अभिज्ञान कुंडू ने 82 बॉल पर फिफ्टी लगाई। मैच में वैभव ने 67 बॉल पर 72 रन की पारी खेली। जबकि कुंडू ने 112 बॉल पर 80 रन बनाए। कनिष्क चौहान ने 28 रन बनाए।
बांग्लादेश के लिए तेज गेंदबाज अल फहद ने 38 रन देकर सबसे ज्यादा 5 विकेट लिए। इकबाल हुसैन और अजिजुल हकीम को 2-2 विकेट मिले।
आयुष और विहान फ्लॉप रहे
कप्तान आयुष म्हात्रे ने 6 रन बनाए, जबकि विहान त्रिवेदी पहली बॉल पर ही जीरो पर आउट हुए। यह दोनों विकेट अल फहद ने लिए। तीसरा विकेट विहान मल्होत्रा के रूप में गिरा, जो 24 बॉल पर 7 रन बनाकर आउट हुए। स्पिनर अजिजुल ने उनका विकेट लिया।
वैभव का U19 वर्ल्ड कप में वर्ल्ड रिकॉर्ड
वैभव सूर्यवंशी ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है। वो अंडर-19 वनडे वर्ल्ड कप में फिफ्टी लगाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। उनकी उम्र महज 14 साल और 296 दिन है। वैभव ने अफगानिस्तान के शाहिदुल्लाह का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 15 साल 19 दिन की उम्र में फिफ्टी लगाई थी।
अमेरिका को 6 विकेट से हराया था
भारतीय टीम का टूर्नामेंट में यह दूसरा मैच था। अपने पहले मैच में टीम इंडिया ने अमेरिका को हराया था। ऐसे में सेमीफाइनल के लिए भारतीय टीम को यह मैच जीतना बेहद जरूरी था।
टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप की शुरुआत अमेरिका पर जीत के साथ की थी। बारिश से प्रभावित उस मैच में सबसे पहले अमेरिका को 107 रन पर ऑलआउट किया था। उसके बाद टीम इंडिया ने 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया। पेसर हेनिल पटेल ने 5 विकेट लिए थे।
भारतीय U19 प्लेइंग-11:
आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), हरवंश पंगालिया, आरएस अंबरीश, कनिष्क चौहान, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन और खिलान पटेल।
बांग्लादेश U19 की प्लेइंग-11:
रिफत बेग, जावेद अबरार, अजिज़ुल हकीम (कप्तान), कलाम सिद्दीकी, रिजान हुसैन, फरीद हसन (विकेटकीपर), समियुन बसीर, शेख पावेज, अल फहद, साद इस्लाम और इकबाल हुसैन।

