U19 वर्ल्ड कप, इंडिया ने तीसरा मैच जीता: न्यूजीलैंड को 7 विकेट से हराया, कप्तान आयुष की फिफ्टी; अंबरीश प्लेयर ऑफ द मैच
Published: Updated:
3 min read

भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे ने फिफ्टी लगाई। उन्होंने 27 बॉल पर 53 रनों की पारी खेली। (@ICC)
स्पोर्ट्स डेस्क. अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने अपना तीसरा मैच जीत लिया है। उसने न्यूजीलैंड को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 7 विकेट से हरा दिया है। यह मैच शनिवार (24 जनवरी) को बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला गया। 4 विकेट लेने वाले अंबरीश प्लेयर ऑफ द मैच रहे।
मैच के हीरो कप्तान आयुष म्हात्रे और वैभव सूर्यवंशी रहे। आयुष ने फिफ्टी लगाई। उन्होंने 27 बॉल पर 53 रनों की पारी खेली। इस दौरान 6 छक्के और 2 चौके लगाए। दूसरी ओर वैभव ने 23 बॉल पर 40 रनों की पारी खेली।
वैभव ने 3 छक्के और 2 चौके लगाए। इसके बदौलत भारतीय टीम ने 13.3 ओवर में 130 रन का टारगेट चेज किया। दरअसल, बारिश के कारण यह मैच 37 ओवर का हुआ था, जिसमें न्यूजीलैंड ने 136 का टारगेट दिया था। जिसे डकवर्थ लुईस नियम से 130 का कर दिया था।
अंबरीश ने 4 और हेनिल ने 3 विकेट लिए
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए न्यूजीलैंड टीम 135 रन ही बना सकी थी। टीम के लिए कैलम सैमसन ने सबसे ज्यादा नाबाद 37 रन बनाए। सेल्विन संजय ने 28 और जैकब कॉटर ने 23 रन बनाए।
भारतीय टीम के लिए आरएस अंबरीश ने 8 ओवर में 29 रन देकर 4 विकेट लिए। जबकि हेनिल पटेल ने 7.2 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट लिए। खिलन पटेल, मोहम्मद एनान और कनिष्क चौहान को 1-1 विकेट मिला।
इंडिया सुपर-6 में पहुंच चुकी
टीम इंडिया ने अपने पहले मैच में अमेरिका को हराया था। दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश पर जीत हासिल की। शुरुआती 2 मैच जीतने के साथ ही टीम इंडिया ने सुपर-6 राउंड में जगह बना ली। अब अजेय रहते हुए यानी लगातार तीसरा मैच जीतकर अगले राउंड में एंट्री कर ली। यह मैच जीतकर टीम इंडिया के 3 मैच में 6 पॉइंट हो गए हैं।
हेड टू हेड रिकॉर्ड
भारत UN-19 और न्यूजीलैंड UN-19 के बीच अब तक 19 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 16 मैच जीते हैं। न्यूजीलैंड की टीम सिर्फ 3 मैच जीत पाई है।
न्यूजीलैंड U19 प्लेइंग XI:
आर्यन मान, ह्यूगो बोग, टॉम जोन्स (कप्तान), स्नेहिथ रेड्डी, मार्को एल्पे (विकेटकीपर), जैकब कॉटर, जसकरन संधू, कैलम सैमसन, फ्लिन मोरे, सेल्विन संजय और मेसन क्लार्क।
भारतीय U19 प्लेइंग XI:
वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे (कप्तान), वेदांत त्रिवेदी, विहान मल्होत्रा, अभिज्ञान कुंडू (विकेटकीपर), आरोन जॉर्ज, कनिष्क चौहान, आरएस अंबरीश, खिलन पटेल, हेनिल पटेल और मोहम्मद एनान।

