इंडिया VS इंग्लैंड अंडर-19 मैच: 14 साल के वैभव ने 31 गेंदों में बनाए 86 रन, भारतीय टीम को जिताया मैच, सीरीज में 2-1 से आगे
Published:
2 min read

इंग्लैंड की अंडर-19 टीम के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने लगाई फिफ्टी। (Getty Image)
भारतीय क्रिकेट के नए सितारे वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड में धूम मचा दी है। उन्होंने भारत की अंडर-19 टीम के लिए 31 गेंदों पर 86 रन की पारी खेली। इसी के साथ इंग्लैंड की अंडर-19 टीम को मैच में करारी शिकस्त दी। टीम इंडिया ने यह तीसरा मैच जीतकर 5 मैचों की वनडे सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली है।
14 साल के वैभव ने अपनी इस पारी में 9 छक्के लगाए। हालांकि वैभव खुश नहीं थे। वे शतक लगाना चाहते थे। पवेलियन लौटते वक्त उनके चेहरे पर मायूसी साफ नजर आ रही थी। बता दें कि शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय सीनियर टीम भी इंग्लैंड दौरे पर है। यहां दोनों टीमों के बीच 5 टेस्ट की सीरीज खेली जा रही है।
20 गेंदों में फिफ्टी बनाई
इंग्लैंड के खिलाफ इस तीसरे वनडे में सूर्यवंशी ने आक्रामक शुरुआत की थी। उन्होंने सिर्फ 20 गेंदों में फिफ्टी पूरी की। अपनी इस पारी में उनका स्ट्राइक रेट 277.41 का रहा।
बांए हाथ के बल्लेबाज वैभव ने इंग्लैंड के गेंदबाज सेबेस्टियन मॉर्गन और जेम्स मिंटो को सबसे ज्यादा निशाना बनाया। मिंटो के एक ही ओवर में 23 रन बनाए। जबकि मॉर्गन के एक ओवर में 14 रन लिए।
पहले दो मैचों में भी थे शानदार खेले
इस सीरीज के पहले दो मैचों में भी वैभव ने कमाल का प्रदर्शन किया था। उन्होंने पहले मैच में 48 और दूसरे में 45 रन बनाए थे। इन तीन मैचों में उन्होंने यह दिखा दिया कि वह लगातार रन बना सकते हैं और एक भरोसेमंद ओपनर हैं।
IPL 2025 में वैभव का रिकॉर्ड
वैभव ने हाल ही में IPL में शानदार प्रदर्शन किया था। वे राजस्थान रॉयल्स (RR) टीम से खेलते हैं। सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 38 बॉल में 101 रन की पारी खेली थी। इस दौरान 11 छक्के लगाए थे। IPL 2025 में वैभव ने कुल 7 मैच खेले, जिसमें 206 के स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए।

