आधी इनिंग में ही स्टेडियम छोड़ गए PCB चीफ : मैच के बाद अपनी टीम से भी नहीं मिले; रिंकू को बॉलिंग देकर सूर्या ने पाकिस्तान को चिढ़ाया
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारत और पाकिस्तान का मैच हमेशा सिर्फ एक खेल नहीं बल्कि इमोशनल मोमेंट हो जाता है। लेकिन इस बार मुकाबला रोमांच से ज्यादा टीम इंडिया के एकतरफा दबदबे के लिए याद किया जाएगा।
हमारी टीम ने मैच के शुरू से आखिर तक सॉलिड ग्रिप बनाए रखी। मैच का एक इंटस्टिंग मोमेंट तब आया जब कप्तान सूर्यकुमार ने 17वें ओवर में रिंकू सिंह को गेंद थमा दी। उस समय पाकिस्तान का स्कोर 97 रन पर 9 विकेट था। मुकाबला तकरीबन खत्म हो चुका था और भारत की जीत तय दिख रही थी। ऐसे में रिंकू जैसे पार्ट-टाइम बॉलर को अटैक पर लाना एक तरह से पाकिस्तान की हालत पर तंज माना गया।
6 विकेट गिरे तो PCB चीफ नदारद
मैच के दौरान एक और घटना चर्चा में रही। दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी वीआईपी बॉक्स में मौजूद थे। जैसे ही उनकी टीम का छठवां विकेट गिरा तो अचानक से नकवी गायब हो गए। पता चला कि वो स्टेडियम छोड़कर जा चुके हैं।
इस कदम ने कई सवाल खड़े कर दिए। एक क्रिकेट प्रशासक और वो भी बोर्ड चेयरमैन से उम्मीद की जाती है कि वो मुश्किल वक्त में टीम के साथ खड़ा रहे। इतना ही नहीं, हद तो तब हो गई जब मैच के बाद वो टीम से मिलने ड्रेसिंग रूम और होटल में भी नहीं गए। इस हार के बाद शोएब अख्तर समेत कई पूर्व खिलाड़ियों ने टीम पर और बोर्ड की प्लानिंग पर सवाल उठाए।


