WTC 2025-27: वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के चौथे सीजन का आगाज, कितनी टीमें-सीरीज और मुकाबले, जानिए सबकुछ
Published:
3 min read

साउथ अफ्रीका ने जीता WTC 2023-25 खिताब। (ICC)
ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) का तीसरा सीजन (2023-25) खत्म हो गया है। 11 जून से हुए WTC फाइनल में साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर अपना दूसरा आईसीसी खिताब जीत लिया। अब टेस्ट चैम्पियनशिप के चौथे सीजन (2025-27) का भी आगाज हो गया है।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने पहले ही अगले सीजन का शेड्यूल जारी कर दिया है। इसको लेकर फैन्स के मन में कई तरह के सवाल होंंगे। आइए जानते हैं चौथे सीजन से जुड़े लगभग सभी सवालों के जवाब…
चौथे सीजन की शुरुआत कब से हुई
टेस्ट चैम्पियनशिप के चौथे सीजन का आगाज 17 जून को हुआ। ओपनिंग मैच श्रीलंका और बांग्लादेश के बीच गॉल में खेला गया। श्रीलंका ने यह 2 टेस्ट की सीरीज 1-0 से जीत ली।
कुल कितनी टीमें चौथा सीजन खेलेंगी
टेस्ट चैम्पियनशिप के चौथे सीजन में कुल 9 टीमें हिस्सा ले रही हैं। यह ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, भारत, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान, साउथ अफ्रीका, श्रीलंका और वेस्टइंडीज हैं।
सभी टीमों के बीच कुल कितनी सीरीज होंगी
WTC के अगले सीजन (2025-27) में सभी 9 टीमों के बीच कुल 27 द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज खेली जाएंगी। इसके तहत कुल 71 टेस्ट मैच खेले जाएंगे। हर एक टीम 6 सीरीज खेलेगी। इसमें तीन घरेलू और 3 विपक्षी टीम के मैदान पर होंगी।
भारतीय टीम कितनी और किसके खिलाफ सीरीज खेलेगी
सभी टीमों की तरह भारतीय टीम भी 6 द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज खेलेगी। इसमें 3 अपने घर में और तीन विपक्षी टीम के मैदान पर होंगी। भारतीय टीम की यह सभी 6 सीरीज ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज, साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और श्रीलंका के खिलाफ होंगी।
टीम इंडिया पहली सीरीज किस टीम के खिलाफ खेलेगी
टेस्ट चैम्पियनशिप के चौथे सीजन में भारतीय टीम अपनी पहली सीरीज इंग्लैंड दौरे पर खेल रही है। यहां भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट की सीरीज जारी है। पहला मुकाबला 20 जून से लीड्स में खेला जा रहा है। यह WTC के अगले सीजन का दूसरा मैच भी है।
भारतीय टीम की विदेशी सीरीज कितनी होंगी
सभी टीमों की तरह भारत भी WTC के अगले सीजन में 3 द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज विदेशी जमीन पर खेलेगा। यह तीनों सीरीज न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और श्रीलंका में उनके ही खिलाफ होंगी।
कौन सी टीम कितने टेस्ट खेलेगी
WTC 2025-27 में ऑस्ट्रेलिया सबसे ज्यादा 22 और इंग्लैंड टीम 21 टेस्ट खेलेगी। टीम इंडिया कुल 18 टेस्ट मैच खेलेगी। इसके अलावा न्यूजीलैंड 16, वेस्टइंडीज 14, साउथ अफ्रीका 14, पाकिस्तान 13, श्रीलंका 12 और बांग्लादेश 12 टेस्ट खेलेंगे।
भारतीय टीम किसके खिलाफ कितने मैच खेलेगी
इंग्लैंड: 5 मैच
वेस्टइंडीज: 2 मैच
साउथ अफ्रीका: 2 मैच
ऑस्ट्रेलिया: 5 मैच
श्रीलंका: 2 मैच
न्यूजीलैंड: 2 मैच
फाइनल मुकाबला कहां और कब खेला जाएगा
तीसरे सीजन की तरह ही WTC 2025-27 का फाइनल भी लंदन के लॉर्ड्स स्टेडियम में शेड्यूल किया गया है। यह खिताबी मुकाबला जून 2027 में खेला जाएगा। फिलहाल, इस मैच की तारीख तय नहीं है।
क्रिकेट डायरी का यह आर्टिकल आपको कैसा लगा? आप अपनी राय हमारे सोशल मीडिया हैंडल्स पर दे सकते हैं। फिलहाल के लिए इतना ही। ऐसी ही किसी दिलचस्प स्टोरी के साथ फिर आपसे मिलते हैं। पढ़ते रहिए राज एक्सप्रेस का यह डिजिटल वर्जन।

