T20 WC में बांग्लादेश के फ्यूचर पर फैसला 48 घंटे में : ICC अफसर ढाका जाएंगे; BCB की जिद- हमारी टीम भारत नहीं जाएगी
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के बीच चल रहा विवाद जल्द सुलझने वाला है। इसका जिम्मा इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने उठाया है। ICC के सीनियर अफसर BCB के साथ मीटिंग करने के लिए ढाका जाएंगे। वही तय करेंगे कि T20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश का भविष्य क्या होगा।
दरअसल, BCB ने अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भारत में वर्ल्ड कप मैच खेलने से मना कर दिया था। इसी वजह से बोर्ड ने ICC को ईमेल करके रिक्वेस्ट की थी कि टीम के मैच किसी दूसरी जगह शिफ्ट कर दिए जाएं।
फैसला इसी हफ्ते आ सकता है
इसके बाद ICC ने जवाब में कहा था कि टूर्नामेंट का शेड्यूल जारी हो चुका है। इसके बावजूद बांग्लादेश अपने फैसले पर अड़ा हुआ है। अब ढाका में होने वाली बैठक के बाद ICC आखिरी फैसला सुनाएगा। फैसला इसी हफ्ते आ सकता है। T20I वर्ल्ड कप का आगाज 7 फरवरी को होना है। फाइनल 8 मार्च को होगा। बांग्लादेश को अपना पहला मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता में खेलना है।
आखिर ये विवाद क्यों
यह मामला बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से रिलीज किए जाने से शुरू हुआ। बताया गया कि BCCI ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कोलकाता टीम से कहा कि वह इस खिलाड़ी को नहीं रख सकती। इस फैसले के बाद बांग्लादेश में काफी नाराजगी देखने को मिली। भारत में होने वाले T20I वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश टीम के टूर को लेकर भी सिचुएशन साफ नहीं है। BCB ने ICC से भारत के बाहर मैच कराने की मांग की है।
बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद वहां हिंदुओं पर हमले बढ़ गए। अब तक 8 हिंदुओं की हत्या की जा चुकी है। इसको लेकर भारत में बेहद गुस्सा है। भारतीय मोदी सरकार से बांग्लादेश के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में रहमान को IPL से बाहर किया गया है।

