बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप से बाहर: भारत में न खेलने का फैसला, BCB चीफ बोले- ICC से अब भी उम्मीद; अब स्कॉटलैंड खेलेगी
Published:
3 min read

T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले बड़ा फैसला सामने आया है। बांग्लादेश ने भारत में होने वाले इस टूर्नामेंट में खेलने से इनकार कर दिया है। ICC ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने का ऐलान किया है।
स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने साफ कर दिया है कि उनकी टीम T20 वर्ल्ड कप खेलने भारत नहीं जाएगी। इसके बाद ICC ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल करने का ऐलान किया है।
यह फैसला 22 जनवरी को BCB की बैठक में लिया गया। इससे एक दिन पहले यानी 21 जनवरी को ICC ने BCB से बातचीत की थी। ICC ने साफ कहा था कि अगर बांग्लादेश टूर्नामेंट से हटता है, तो उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया जाएगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 7 फरवरी से होनी है।
BCB ने क्या कहा
BCB चीफ अमीनुल इस्लाम ने कहा- हम ICC से बात करते रहेंगे। हम वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, लेकिन भारत में नहीं। ICC मीटिंग में कुछ फैसले बहुत हैरान करने वाले थे। मुस्ताफिजुर का मामला अकेला नहीं है। उस फैसले में भारत ही जज था, क्योंकि वो बहुत पावरफुल हैं। ICC ने हमारी यह मांग मानने से मना कर दिया कि हमारे मैच भारत से बाहर कराए जाएं। हमें नहीं पता कि वर्ल्ड क्रिकेट किस दिशा में जा रहा है। क्रिकेट की लोकप्रियता कम हो रही है। 20 करोड़ लोगों को इससे दूर कर दिया गया है। क्रिकेट ओलंपिक में जा रहा है, लेकिन अगर हमारे जैसे देश वहां नहीं होंगे तो यह ICC की नाकामी है।
![]()
पहले क्या हुआ
ICC के फैसले के बावजूद BCB अध्यक्ष अब भी किसी “चमत्कार” की उम्मीद लगाए बैठे हैं। इससे पहले ICC ने बांग्लादेश को चेतावनी दी थी कि अगर टी-20 वर्ल्ड कप खेलना है तो भारत आएं, वरना रिप्लेस कर दिए जाएंगे।
ICC ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को सोचने के लिए 24 घंटे की मोहलत दी थी। यह आज यानी 22 जनवरी दोपहर 2 बजे खत्म हो गई। दरअसल, BCB ने अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भारत में वर्ल्ड कप मैच खेलने से मना कर दिया था। इसी वजह से बोर्ड ने ICC को ईमेल करके रिक्वेस्ट की थी कि टीम के मैच किसी दूसरी जगह शिफ्ट कर दिए जाएं।
पाकिस्तान ने बांग्लादेश के फेवर में ही वोट किया
बांग्लादेश ने अपने मैच भारत से शिफ्ट करने की मांग रखी थी। इस पर वोटिंग हुई। बांग्लादेश के फेवर में 2 वोट रहे, जबकि उसके खिलाफ 14 वोट हुए। इसी के चलते ICC ने बांग्लादेश की मांग को खारिज कर दिया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भी बांग्लादेश के फेवर में ही वोट किया था।

आखिर ये विवाद क्यों
यह मामला बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से रिलीज किए जाने से शुरू हुआ। बताया गया कि BCCI ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कोलकाता टीम से कहा कि वह इस खिलाड़ी को नहीं रख सकती। इस फैसले के बाद बांग्लादेश में काफी नाराजगी देखने को मिली। भारत में होने वाले T20I वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश टीम के टूर को लेकर भी सिचुएशन साफ नहीं है। BCB ने ICC से भारत के बाहर मैच कराने की मांग की है।
बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद वहां हिंदुओं पर हमले बढ़ गए। अब तक 8 हिंदुओं की हत्या की जा चुकी है। इसको लेकर भारत में बेहद गुस्सा है। भारतीय मोदी सरकार से बांग्लादेश के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में रहमान को IPL से बाहर किया गया है।

