48 घंटे में बताओ, भारत में खेलोगे या नहीं: ICC का बांग्लादेश को अल्टीमेटम, कहा- स्कॉटलैंड T20 वर्ल्ड कप में खेलने के लिए तैयार
Published: Updated:
3 min read

ICC के एक अफसर ने कहा- बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को यह तय करना होगा कि वो वर्ल्ड क्रिकेट का हिस्सा रहना चाहता है या नहीं। (फाइल फोटो- बांग्लादेश क्रिकेट टीम)
स्पोर्ट्स डेस्क. ICC T20I वर्ल्ड कप 2026 को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के बीच विवाद अब अल्टीमेटम और फैसले की डेडलाइन तक पहुंच गया है।
सोमवार को ICC ने कहा- बांग्लादेश को भारत में ही अपने मैच खेलने होंगे, नहीं तो उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया जाएगा। यह टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की मेजबानी में 7 फरवरी से 8 मार्च 2026 तक खेला जाना है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- बांग्लादेश को ICC ने 48 घंटे (21 जनवरी) दिए हैं। इस दौरान उसे तय करना होगा कि वो भारत में खेलेगा या नहीं। 48 घंटे में जवाब नहीं मिला तो इसे भी इनकार माना जाएगा। अगर ऐसा होता है तो स्कॉटलैंड की टीम बांग्लादेश की जगह टी20 वर्ल्ड कप खेलेगी।
बांग्लादेश क्या चाहता है
दरअसल, बांग्लादेश ने ICC से मांग की थी कि उसके ग्रुप के मैच भारत से बाहर कर दिए जाएं, ताकि टीम को भारत यात्रा न करनी पड़े। बांग्लादेश का कहना है कि खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर उसे चिंता है। हालांकि यह मांग मानने से साफ इनकार कर दिया है। टूर्नामेंट शुरू होने में अब ज्यादा समय नहीं है। अब शेड्यूल बदलना संभव नहीं है।
ICC द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, बांग्लादेश के ग्रुप स्टेज के मैच भारत में कोलकाता के ईडन गार्डन्स और मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होने हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने कहा है कि वह सुरक्षा कारणों से टीम को भारत नहीं भेजना चाहता।

बांग्लादेश को हाइब्रिड मॉडल में खेलना है
बांग्लादेश ने यह भी उदाहरण दिया कि पहले पाकिस्तान ने ICC टूर्नामेंट हाइब्रिड मॉडल में खेले थे, इसलिए उनके साथ भी वैसा ही किया जाए। हालांकि वह इस तर्क से सहमत नहीं है। मामला बढ़ने पर बांग्लादेश ने भारत में होने वाले IPl के प्रसारण पर भी अपने देश में रोक लगा दी।
इसके साथ ही बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अंदर भी भारी उथल-पुथल देखने को मिली। बोर्ड के एक बड़े अधिकारी नजरुल इस्लाम को खिलाड़ियों के अपमानजनक बयान देने के कारण पद से हटा दिया गया। खिलाड़ियों ने बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) के मैच खेलने से भी मना कर दिया था।अब सबकी नजर 21 जनवरी पर टिकी है। अगर बांग्लादेश पीछे नहीं हटा, तो पहली बार ऐसा हो सकता है कि कोई टीम टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दी जाए।

आखिर ये विवाद क्यों
यह मामला बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से रिलीज किए जाने से शुरू हुआ। बताया गया कि BCCI ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कोलकाता टीम से कहा कि वह इस खिलाड़ी को नहीं रख सकती। इस फैसले के बाद बांग्लादेश में काफी नाराजगी देखने को मिली। भारत में होने वाले T20I वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश टीम के टूर को लेकर भी सिचुएशन साफ नहीं है। BCB ने ICC से भारत के बाहर मैच कराने की मांग की है।
बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद वहां हिंदुओं पर हमले बढ़ गए। अब तक 8 हिंदुओं की हत्या की जा चुकी है। इसको लेकर भारत में बेहद गुस्सा है। भारतीय मोदी सरकार से बांग्लादेश के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में रहमान को IPL से बाहर किया गया है।

