T20 वर्ल्ड कप कवर नहीं कर पाएंगे बांग्लादेशी जर्नलिस्ट: ICC का मंजूरी देने से इनकार, करीब 150 पत्रकारों ने अप्लाई किया था
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. ICC के एक फैसले ने बांग्लादेश के स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट में नाराजगी और हैरानी पैदा कर दी है। ICC ने भारत और श्रीलंका में होने वाले T20 वर्ल्ड कप को कवर करने के लिए आवेदन करने वाले सभी बांग्लादेशी पत्रकारों की मान्यता (एक्रेडिटेशन) खारिज कर दी है। यह फैसला ऐसे समय पर आया है जब हाल ही में बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया था। इस पूरे मामले को लेकर बांग्लादेशी मीडिया संगठनों ने विरोध की तैयारी शुरू कर दी है।
130-150 जर्नलिस्ट को रिजेक्ट किया
बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- इस साल T20 वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए बांग्लादेश से करीब 130 से 150 पत्रकारों ने ICC के पास आवेदन किया था। इनमें से एक भी पत्रकार को मौका नहीं दिया गया। इस बात की पुष्टि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) की मीडिया समिति के अध्यक्ष अमजद हुसैन ने की।
हुसैन ने कहा- सभी बांग्लादेशी पत्रकारों के रिक्वेस्ट लेटर रिजेक्ट कर दिए गए हैं। 130 से 150 पत्रकारों को कवरेज लिस्ट से हटा दिया गया है।

यह फैसला अहम क्यों
यह फैसला इसलिए चर्चा में है क्योंकि कुछ दिन पहले ही ICC ने बांग्लादेश को ग्रुप C से हटाकर उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया था। दरअसल, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने मैच भारत से हटाकर श्रीलंका में कराने की मांग की थी। लेकिन ICC ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया।
वीजा भी कैंसिल
इस बीच कुछ बांग्लादेशी फोटो जर्नलिस्ट्स ने दावा किया कि उन्हें पहले ICC की तरफ से मंजूरी के ईमेल मिले थे। इन ईमेल्स में वीजा सपोर्ट लेटर भी शामिल था। कुछ दिनों बाद उन्हें दूसरा ईमेल मिला, जिसमें बताया गया कि उनकी मान्यता रद्द कर दी गई है। फोटो जर्नलिस्ट मीर फरीद ने कहा कि 20 जनवरी को उन्हें ICC से अप्रूवल मेल मिला था। हालांकि बाद में उनकी रिक्वेस्ट को खारिज कर दिया गया।
यह गलत फैसला
बांग्लादेश स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (BSJA) के अध्यक्ष आरिफुर रहमान बाबू ने इस फैसले पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह बहुत अजीब फैसला है, क्योंकि आमतौर पर अगर कोई टीम टूर्नामेंट में नहीं भी खेल रही हो, तब भी उस देश के पत्रकारों को मान्यता मिल जाती है। उन्होंने इस फैसले की निंदा करते हुए कहा- ICC को इसका साफ जवाब देना चाहिए।

श्रीलंका के लिए मिल सकती परमिशन
आरिफुर रहमान ने बताया कि वह बांग्लादेश स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट्स कम्युनिटी (BSJC) से बात कर आगे की रणनीति तय करेंगे। ICC को सूचना मंत्रालय और BCB के जरिए एक लेटर चाहिए। साथ ही उनका मानना है कि जब श्रीलंका भी टूर्नामेंट का को-होस्ट है, तो बांग्लादेशी पत्रकारों को वहां कवरेज की अनुमति दी जा सकती थी।

