ICC Vs बांग्लादेश: अब अंडर 19 WC शेड्यूल पर BCB का आरोप, कहा- गलत शेड्यूल और लगातार सफर की वजह से टीम को काफी परेशानी झेलनी पड़ी
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और ICC के बीच तनातनी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। इस बार मामला अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के शेड्यूल और ट्रैवल अरेंजमेंट्स का है। बांग्लादेश की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। इसके बाद BCB ने कहा है कि गलत शेड्यूल और लगातार सफर की वजह से टीम को काफी परेशानी झेलनी पड़ी, जिसका असर प्रदर्शन पर भी पड़ा।
प्लेयर्स को आराम नहीं मिला
BCB का कहना है कि टूर्नामेंट के दौरान उनकी टीम को बार-बार मैदान बदलने पड़े, बहुत ज्यादा सफर करना पड़ा। इससे खिलाड़ियों को ठीक से आराम और तैयारी का मौका नहीं मिला।

हमारे साथ नाइंसाफी
टूर्नामेंट से पहले बांग्लादेश के दो वॉर्मअप मैच मासींगो में थे। इसके बाद उन्हें हरारे जाना था। लेकिन ICC ने आखिरी समय में शेड्यूल बदल दिया। इसके चलते टीम को दो अलग-अलग जगहों पर प्रैक्टिस मैच खेलने पड़े। इन वेन्यूज के लिए करीब 4 घंटे का सफर था। BCB के गेम डेवलपमेंट कोऑर्डिनेटर हबीबुल बशर ने इसे टीम के साथ नाइंसाफी बताया।

शेड्यूल बेहतर करना जरूरी
बशर ने कहा- हार की जिम्मेदारी सिर्फ शेड्यूल पर डालना सही नहीं है। हांलाकि इसे नजरअंदाज भी नहीं किया जा सकता। लोग इसे बहाना समझ सकते हैं, लेकिन यह एक सच्चाई है कि खिलाड़ियों पर इसका असर पड़ा।
टीम की मुश्किलें यहीं खत्म नहीं हुईं। अपने पहले मैच से पहले बांग्लादेश की टीम को हरारे से बुलावायो तक करीब 9 घंटे बस में सफर करना पड़ा। यह सफर मानसून के मौसम में हुआ। इससे हालात और खराब हो गए। इतने लंबे सफर के बाद खिलाड़ियों के लिए फिट रहना और मैच की तैयारी करना आसान नहीं था।
इंटरनल फ्लाइट अरेंजमेंट
भारत और न्यूजीलैंड जैसे बड़े मैचों को देखते हुए BCB ने खुद के खर्च पर टीम के लिए इंटरनल फ्लाइट का इंतजाम किया था। ताकि प्लेयर्स को आराम मिल सके। इन मैचों के बाद टीम को फिर बस से बुलावायो लौटना पड़ा और 23 जनवरी को अमेरिका के खिलाफ मैच खेलना पड़ा। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ सुपर 6 मैच से पहले भी टीम को सड़क से सफर करना पड़ा।
)
टीम के हेड कोच नवेद नवाज ने भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने ICC से पहले ही यात्रा के बोझ को लेकर बात की थी, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। उन्होंने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही प्रैक्टिस मैचों के शेड्यूल में बदलाव की मांग की थी, लेकिन ICC ने उनकी बात नहीं सुनी। आखिरकार बांग्लादेश को इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा और टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

