रोहित 2 मैच से बाहर हो सकते हैं : पिछले मैच में हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई, MI का मैच कल पंजाब से
Published: Updated:
2 min read

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ पिछले मैच में रोहित शर्मा को चोट लगी थी। तब मैदान पर फिजियो ने ट्रीटमेंट किया था। (फोटो- सोशल मीडिया)
स्पोर्ट्स डेस्क. मुंबई इंडियंस (MI) के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। रोहित शर्मा चोट के कारण अगले दो मैच से बाहर हो सकते हैं। यह खबर टीम और फैंस दोनों के लिए चिंता बढ़ाने वाली है, क्योंकि पहले से ही टीम लगातार मैच हार रही है।
रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ मैच में रोहित शर्मा को हैमस्ट्रिंग इंजरी हो गई थी। बल्लेबाजी करते समय दर्द महसूस हुआ और बीच में ही उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। उनके बाहर जाने का असर टीम पर साफ दिखा और मुंबई इंडियंस यह मैच 18 रन से हार गई।
पंजाब और गुजरात के खिलाफ नहीं खेलेगे
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, MI के एक सोर्स ने बताया- रोहित शर्मा अब पंजाब किंग्स (16 अप्रैल) और गुजरात टाइटंस (20 अप्रैल) के खिलाफ होने वाले अगले मैचों में नहीं खेल पाएंगे।
रोहित के इस सीजन के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 4 मैच में 137 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 165 से ज्यादा और एवरेज 45.67 का है, जो काफी अच्छा माना जाता है। उन्होंने एक अर्धशतक भी लगाया है। ऐसे में उनका टीम से बाहर होना मुंबई के लिए एक दिक्कत हो सकती है।

लगातार 3 मैच में हार मिली
मुंबई इंडियंस ने इस सीजन की शुरुआत जीत के साथ की थी, लेकिन उसके बाद लगातार तीन मैच हार गई। टीम की सबसे बड़ी समस्या पावरप्ले में खराब शुरुआत और गेंदबाजों का उम्मीद के मुताबिक परफॉर्मेंस न करना है।
खासकर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अभी तक एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं, जो सबको हैरान कर रहा है। वहीं ट्रेंट बोल्ट और हार्दिक पंड्या भी ज्यादा असर नहीं दिखा पाए हैं। IPL 2026 में MI ने 4 मैच खेले, जिसमें से 3 में हार और 1 में जीत मिली। मुंबई का अगला मैच 16 अप्रैल को पंजाब किंग्स के साथ है।

