वनडे हटाओ टी20 बढ़ाओ: तंग आकर हेनरिक क्लासेन ने लिया था संन्यास, कहा- अफ्रीकी बोर्ड नहीं दे सका अच्छी सैलरी
Published:
2 min read

हेनरिक क्लासेन आईपील 2025। (Getty Images)
साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज हेनरिक क्लासेन (33) ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उनके संन्यास के कुछ दिन बाद ही वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन (29) ने भी क्रिकेट को अलविदा कह दिया। ये दोनों अब केवल फ्रेंचाइजी लीग जैसे IPL, CPL में ही खेलते नजर आएंगे।
क्लासेन ने 2024 में टेस्ट से संन्यास ले लिया था। 2025 में उन्होंने वनडे और टी20 से भी दूरी बना ली। हेनरिक का कहना है कि इंटरनेशनल क्रिकेट अब पहले जैसा नहीं रहा। खिलाड़ी अब ज्यादा पैसे कमाने के लिए लीग्स की ओर जा रहे हैं।
क्लासेन ने ICC को दी राय
क्लासेन ने कहा, "मुझे लगता है कि इंटरनेशनल कैलेंडर में बदलाव की जरूरत है। वनडे मैचों को हटा देना चाहिए। टेस्ट मैचों में उन टीमों को ज्यादा खेलने दिया जाए, जो अब कम खेलती हैं। टी20 को आगे बढ़ाया जाए क्योंकि लोग उसे पसंद करते हैं।"
उन्होंने यह भी कहा कि वनडे वर्ल्ड कप को तो जारी रखा जा सकते है, लेकिन टूर्नामेंट से पहले हर टीम को कुछ मैच खेलने दिए जाएं ताकि खिलाड़ी उस फॉर्मेट की आदत बना सकें।
खिलाड़ियों को अच्छा पैसा नहीं मिलता
क्लासेन ने बताया कि उन्होंने इसलिए इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया, क्योंकि क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) उन्हें ज्यादा पैसे नहीं दे सकता। उन्हें भारत, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी बड़ी टीमों के खिलाफ खेलने का मौका नहीं मिला। उन्होंने यह भी कहा कि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाड़ी इंटरनेशनल क्रिकेट इसलिए नहीं छोड़ते, क्योंकि उनका बोर्ड उन्हें अच्छी सैलरी देता है।
क्लासेन ने मिचेल स्टार्क का उदाहरण देते हुए कहा कि स्टार्क ने कई साल IPL नहीं खेला और सबसे पहले अपने देश को प्राथमिकता दी।
ICC को खर्च बढ़ाने की जरूरत
क्लासेन ने कहा, "ICC को अपनी जेब से कुछ पैसा खर्च करना चाहिए ताकि बाकी देशों के खिलाड़ी भी इंटरनेशनल क्रिकेट खेलते रहें।"
उन्होंने कहा कि अब ऐसे खिलाड़ी बहुत कम हैं जो तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे, टी-20) खेलते हैं। अगर किसी बोर्ड और ICC ने ध्यान नहीं दिया तो ऐसे खिलाड़ी और कम हो जाएंगे।
आखिर में उन्होंने कहा, "हर खिलाड़ी सभी लीग और सभी फॉर्मेट नहीं खेल सकता। अगर वो ऐसा करेगा तो थक जाएगा और जल्दी ही क्रिकेट छोड़ देगा। इसलिए अब हर कोई अपनी पसंद का फॉर्मेट चुन रहा है।"

