मैं पापा के सामने रोज रोता था: स्ट्रगल को यादकर हर्षित राणा बोले- मैं ट्रायल देता, लेकिन नाम नहीं आता था
Published:
3 min read

हर्षित राणा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे में 84 रन देकर 3 विकेट लिए। बैटिंग में 43 बॉल पर 52 रन की पारी खेली। (फोटो क्रेडिट -@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय पेसर हर्षित राणा ने अपने क्रिकेट करियर के सबसे मुश्किल दौर के बारे में बात की है। हर्षित ने बताया कि उन्हें अपनी जिंदगी के लगभग 10 साल निराशा का सामना करना पड़ा। एक वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में राणा ने कहा- अब मुझे पता है कि फेलियर कैसा होता है। मैंने वो 10 साल देखे हैं जब मेरे साथ कुछ भी ठीक नहीं हुआ।
हर्षित ने कहा- मैं ट्रायल देने जाता था, लेकिन नाम नहीं आता था। घर लौटकर पापा (प्रदीप राणा) के सामने रोता था। ये सिलसिला लंबे समय तक चला। पापा ने कभी हार मानने नहीं दी। लगातार आगे बढ़ने के लिए मोटिवेट किया।
हर्षित ने बचपन के संघर्ष पर भी बात की
उन्होंने आगे बताया - 12वीं तक मेरे पास मोबाइल फोन तक नहीं था। दोस्त भी नहीं थे। मेरा पूरा जीवन क्रिकेट के इर्द-गिर्द ही घूमता रहा। पापा रोज सुबह 4:30 बजे मुझे उठाते थे। ट्रेनिंग पर ले जाते थे। फिर वापस लाते थे। मेरे पिता कई साल तक मेरे साथ ही सोते रहे। ताकि सुबह की ट्रेनिंग में कोई चूक न हो।
सिलेक्शन पर सवाल
पूर्व सेलेक्टर कृष्णमाचारी श्रीकांत ने हर्षित के लगातार सिलेक्शन पर सवाल किए थे। फैन्स ने कोच गंभीर पर फेवरिटिज्म के आरोप लगाए। कई बार कहा गया कि KKR में गंभीर के साथ रहने की वजह से हर्षित को मौके मिल रहे हैं।
KKR से शुरु हुआ सफर
हर्षित को साल 2022 में IPL ऑक्शन के दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने 20 लाख रुपये के बेस प्राइस पर खरीदा था। शुरुआती 2 सीजन में वे एक उभरते बॉलर के रूप में नजर आए। साल 2024 में उन्होंने 19 विकेट लिए। इस सीजन में वे सफल बॉलर्स में से एक थे। KKR को 12 साल बाद खिताब जिताने में मदद की।
इस परफॉर्मन्स के बाद हर्षित को इंडियन टेस्ट टीम में जगह मिली। इसके बाद वे तीनों फॉर्मेट में टीम इंडिया का हिस्सा बन गए।
न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में कॉन्ट्रिब्यूशन
हर्षित ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले ODI में 4 विकेट लिए। इसके बाद बैटिंग करते हुए 23 बॉल पर 29 रन बनाए। मैच में हर्षित ने इंजर्ड वॉशिंगटन सुंदर से पहले बैटिंग की थी। वहीं हर्षित राणा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे में 84 रन देकर 3 विकेट लिए।
बैटिंग में हर्षित ने 43 बॉल पर 52 रन की पारी खेली। अपनी पारी में 4 चौके और 4 छक्के लगाए। हर्षित की यह करियर की पहली वनडे फिफ्टी है।
हर्षित का करियर
हर्षित ने ODI में अबतक 12 मैच में 22 विकेट लिए हैं। उन्होंने 2 टेस्ट खेले, जिसमें 4 विकेट लिए हैं। हर्षित ने भारतीय टीम के लिए 6 T20I मैच खेले, जिसमें 4 विकेट लिए हैं।

