कमेंटेटर्स के बीच हिंदी भाषा को लेकर बहस, VIDEO: संजय बांगड़ और वरुण आरोन भिड़े; हर्षित राणा को हर्षा भोगले का सपोर्ट
Published:
3 min read

लाइव मैच में संजय बांगड़ और वरुण आरोन के बीच भाषा को लेकर बहस हुई। संजय ने हिंदी को नेशनल लैंग्वेज भी कहा।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम इस समय अपने घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 वनडे की घरेलू सीरीज खेल रही है। पहला मुकाबला रविवार (11 जनवरी) को वडोदरा में हुआ, जिसमें मैदान पर हुए एक्शन के साथ कमेंटेटर्स भी सुर्खियों में रहे। लाइव मैच में कमेंटेटर्स के बीच भाषाओं के इस्तेमाल को लेकर बहस छिड़ गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
भाषा को लेकर यह बहस कमेंटेटर संजय बांगड़ और वरुण आरोन के बीच हुई। जबकि जतिन सप्रू ने बीच-बचाव किया। दूसरी ओर कमेंट्री के दौरान ही हर्षा भोगले ने भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा को सपोर्ट किया और उनके आलोचकों को जवाब दिया।
भाषा को लेकर कमेंटेटर्स के बीच बहस
पहले भाषा विवाद की बात करते हैं। यह मामला न्यूजीलैंड की पारी के दौरान 11वें ओवर में सामने आया। मैदान में विकेटकीपर केएल राहुल फील्डिंग कर रहे वॉशिंगटन सुंदर को एडवाइज देते दिख रहे थे। इस पर कमेंट्री कर रहे वरुण ने कहा- केएल राहुल को शायद वॉशिंगटन सुंदर से तमिल में बात करना पड़ेगा। लास्ट ओवर में राहुल ने वही किया था। सुंदर से तमिल में बात की थी। संजय भाई क्या आप मेरी बात से समहत हैं। सुंदर को तमिल में ज्यादा समझ में आती है।
संजय ने हिंदी को कहा राष्ट्रीय भाषा
इस पर संजय ने कहा- “मैं राष्ट्रीय भाषा पर ज्यादा विश्वास करता हूं।” इसी बीच वरुण ने हंसते हुए कहा- "मैं कब कह रहा हूं कि मैं रीजनल लैंग्वेज में विश्वास करता हूं।"
दरअसल, राहुल ने पिछले ओवर में सुंदर से कहा था कि मीडियम पेसर की तरह बॉल मत डालो, थोड़ी धीरे करो। इसके बाद सुंदर ने बॉल की रफ्तार धीमी कर ली थी।
फिर संजय ने कहा- "आप अपनी रीजनल लैंग्वेज पर जरूर ध्यान देते हैं, लेकिन हिंदी बहुत ही प्रमुख भाषा है। ये राष्ट्रीय भाषा है।" इसी पर जतिन सप्रू बीच में आए। उन्होंने कहा कि क्रिकेट की भाषा एक ही होती है, वो खेल है। बता दें कि हिंदी को राज भाषा का दर्जा प्राप्त है। वह राष्ट्रीय भाषा नहीं है।
हर्षित राणा को हर्षा भोगले का सपोर्ट
इसके अलावा यंग पेसर हर्षित राणा को हर्षा भोगले का सपोर्ट मिला। कमेंटेटर हर्षा ने कहा- हर्षित राणा के बारे में स्टोरीज (खबरें) पढ़कर मैं परेशान हो जाता हूं। मुझे अपना एल्गोरिदम बदलना पड़ेगा ताकि मुझे यह सब बकवास न पढ़ना पढ़े। वह टीम इंडिया के लीडिंग विकेट टेकर्स में से एक हैं।
दरअसल, हर्षित राणा लगातार सोशल मीडिया पर ट्रोल होते हैं। कई बार आरोप भी लगे हैं कि भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर कुछ ज्यादा ही राणा को सपोर्ट करते हैं। हर्षा इसी को लेकर बात कर रहे थे।

