BCCI अवॉर्ड्स में स्टिक के सहारे पहुंचे हर्षित राणा: स्टेज पर नहीं जा सके; इससे KKR खेमा भी टेंशन में
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. हर्षित राणा की इंजरी ने KKR की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हाल ही में उन्हें वॉकिंग स्टिक के सहारे चलते हुए देखा गया, जिससे यह सवाल उठने लगा है कि क्या वह IPL में खेल पाएंगे या नहीं। उनकी चोट के कारण टीम की गेंदबाजी पर बड़ा असर पड़ सकता है।
राणा स्टेज पर नहीं जा सके
हाल ही में मुंबई में हुए BCCI नमन अवॉर्ड्स सेरेमनी में हर्षित स्टिक के सहारे पहुंचे। उन्हें बेस्ट इंटरनेशनल डेब्यू (मेंस) का अवॉर्ड मिला, लेकिन इंजरी की वजह से वह स्टेज पर नहीं जा सके। इसके बाद IPL चेयरमैन अरुण धूमल खुद नीचे आकर उन्हें यह सम्मान दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
ठीक होने में 2-3 महीने लग सकते हैं
दरअसल, हर्षित को इस साल की शुरुआत में घुटने में चोट लग गई थी। यह T20 वर्ल्ड कप से पहले भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए प्रैक्टिस मैच में लगी थी। इंजरी गंभीर होने के कारण वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। उनकी जगह टीम इंडिया में मोहम्मद सिराज को शामिल किया गया था।

इसके बाद 9 फरवरी को मुंबई में उनके घुटने की सर्जरी हुई। डॉक्टरों के मुताबिक उन्हें पूरी तरह ठीक होने में करीब 2 से 3 महीने लग सकते हैं। इसी वजह से IPL 2026 में उनका खेलना मुश्किल है। अगर हर्षित IPL 2026 में नहीं खेल पाए, तो कोलकाता नाइट राइडर्स की गेंदबाजी पर असर पड़ सकता है। वह टीम के लीड पेस अटैक में से एक हैं और खासकर डेथ ओवरों में अच्छी गेंदबाजी करते हैं।
KKR ने मुजाराबानी को टीम में शामिल किया
टीम की मुश्किल इसलिए भी बढ़ सकती है क्योंकि मुस्तफिजुर रहमान अब टीम का हिस्सा नहीं हैं, जबकि मथीशा पथिराना भी फिटनेस की दिक्कत से जूझ रहे हैं। हालांकि KKR ने जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजाराबानी को विकल्प के तौर पर टीम में शामिल किया है। फिलहाल टीम के पास वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, कार्तिक त्यागी और आकाश दीप जैसे तेज गेंदबाज हैं। हालांकि राणा की कमी टीम को जरूर महसूस हो सकती है।

