रऊफ यॉर्कर डालता तो हम जीत सकते थे: कोहली के 2 छक्कों को भूल नहीं पाए इफ्तिखार; कहा- जीतने पर मैन ऑफ द मैच मैं ही था
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. 23 अक्टूबर 2022 की तारीख भारतीय क्रिकेट फैंस कभी नहीं भूल सकते। ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप 2022 के दौरान मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप 2 का 16वां मुकाबला खेला गया था। यह मैच आखिरी ओवर्स तक गया।
इस मैच में पाकिस्तान के लिए 19वां ओवर हारिस रऊफ ने किया था। तब विराट कोहली ने 2 छक्के लगाकर पूरा मैच पलट दिया था। पाकिस्तान के ऑलराउंडर इफ्तिखार अहमद ने इस हार को याद करते हुए कहा कि यदि रऊफ यॉर्कर डालता तो हम मैच जीत सकते थे।

मैंने उसे यॉर्कर डालने के लिए बोला था
इफ्तिखार ने कहा- हर गेंद के बाद मैं बाउंड्री से हारिस राउफ के पास जाता था। उनसे कहता था कि यॉर्कर डालो, लेकिन उन्होंने अपनी सोच से बॉलिंग की। अगर हम मैच जीत जाते तो शायद मैं मैन ऑफ द मैच बनता। भारत के खिलाफ यह अवॉर्ड मिलना खास होता। उस मैच में कोहली ने शानदार छक्के लगाए। इसके बाद मैच हमारे हाथ से निकल गया।
टीम को जीतने के लिए 18 गेंदों में 48 रन चाहिए थे
दरअसल, उस मैच में पाकिस्तान ने 160 रन का टारगेट दिया था। जवाब में भारतीय टीम ने 17 ओवर में 4 विकेट पर 112 रन बना लिए थे। यहां से जीत के लिए 18 गेंदों में 48 रन चाहिए थे। जरूरी रन रेट 16.00 तक पहुंच गया था। दबाव बढ़ गया था।
मैच पाकिस्तान के कंट्रोल में लग रहा था, लेकिन 18वें में 17 और 19वें ओवर में 15 रन बनाकर विराट कोहली ने पूरी बाजी ही पलट दी।

अब बात करते हैं उस 19वें ओवर की-
18.1: हारिस रऊफ ने हार्दिक पंड्या को लेंथ बॉल डाली। पंड्या ने डीप मिडविकेट की तरफ एक रन लिया।
18.2: विराट कोहली ने ऑफ साइड में शॉट खेलकर एक रन लिया।
18.3: हारिस ने शॉर्ट बॉल डाली। पंड्या अपरकट खेलने गए लेकिन बॉल मिस हो गई। इसी गेंद के साथ भारत की 100 रन की साझेदारी भी पूरी हुई।
18.4: पंड्या ने फिर एक रन लिया। अब स्ट्राइक पर कोहली थे और तीन गेंद बाकी थीं।
18.5: यह वह गेंद थी जिसने मैच पलट दिया। रऊफ ने एक लेंथ बॉल डाली, जिसकी हाइट बेल्स के बराबर थी। कोहली ने इस पर स्ट्रेट हवाई शॉट खेला और बॉलर के सिर के ऊपर से सिक्स मार दिया। यह शॉट आज भी T20 क्रिकेट के सबसे अच्छे शॉट्स में से एक माना जाता है।
18.6:अगली गेंद बेवकूफी भरी थी। रऊफ ने लेग स्टंप की तरफ बॉल डाली। कोहली ने अपनी कलाई का कमाल दिखाया। फाइन लेग के ऊपर से एक और सिक्स मार दिया।

मेलबर्न में कोहली के वो दो छक्के
इन 2 छक्कों ने मैच का पासा पूरी तरह पलट दिया। पाकिस्तान की पकड़ मजबूत लग रही थी। कोहली के कॉन्फिडेंस ने टीम इंडिया को गेम में वापस ला दिया। भारत की जीत के हीरो विराट कोहली रहे। उन्होंने नाबाद 82 रन बनाकर भारत को आखिरी गेंद पर जीत दिलाई। पाकिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए 159 रन बनाए। इफ्तिखार अहमद (34) ने 51 रन की अहम पारी खेली। यह स्कोर जीत के लिए काफी नहीं था।
यह मैच T20 वर्ल्ड कप हिस्ट्री के सबसे यादगार मैच में से एक था। विराट कोहली की पारी आज भी क्रिकेट फैंस को याद है। पाकिस्तानी खिलाड़ी शायद उस 19वें ओवर को कभी नहीं भूलेंगे।


