हारिस रऊफ टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होंगे: BBL में दमदार परफॉर्मेंस, लेकिन इंडिया के खिलाफ खराब रिकॉर्ड; जानें बाहर करने की वजह
Published:
3 min read

पाकिस्तानी तेज गेंदबाज हारिस रऊफ ने इंडिया के खिलाफ 7 टी20 खेले, जिसमें सबसे ज्यादा 231 रन दिए। इस दौरान सिर्फ 9 विकेट लिए हैं। (@ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज में अब ज्यादा समय नहीं रह गया है। टूर्नामेंट 7 फरवरी से 8 मार्च तक खेला जाएगा। इसके लिए ज्यादातर टीमों का ऐलान हो गया है, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपनी टीम घोषित नहीं की। इसी बीच खबर आ रही है कि तेज गेंदबाज हारिस रऊफ को वर्ल्ड कप के लिए टीम में नहीं चुना जाएगा।
यह दावा पाकिस्तानी मीडिया जियो न्यूज ने अपनी रिपोर्ट में किया है। दरअसल, रऊफ इस समय ऑस्ट्रेलियाई टूर्नामेंट बिग बैश लीग (BBL) में मेलबर्न स्टार्स टीम के लिए खेल रहे हैं। इसमें उनका शानदार परफॉर्मेंस रही। उन्होंने अब तक (20 जनवरी) 10 मैचों में 18 विकेट लिए हैं।
इंडिया के खिलाफ खराब रिकॉर्ड
इसके बावजूद रऊफ को वर्ल्ड कप टीम से बाहर किया जाएगा। इसकी बड़ी वजह भारतीय टीम के खिलाफ उनका खराब रिकॉर्ड है। रऊफ ने इंडिया के खिलाफ 7 टी20 खेले, जिसमें सबसे ज्यादा 231 रन दिए। इस दौरान सिर्फ 9 विकेट लिए हैं।
रऊफ ने आखिरी बार एशिया कप 2025 में भारतीय टीम के खिलाफ मैच खेला था। यह फाइनल था, जिसमें रऊफ ने 3.4 ओवर बॉलिंग की थी। इसमें 50 रन दिए थे और कोई विकेट भी नहीं मिला था। यह फाइनल इंडिया ने जीता था।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पाकिस्तान टीम के कोच माइक हेसन बिल्कुल भी खुश नहीं हैं। वे नहीं चाहते कि रऊफ को वर्ल्ड कप टीम में चुना जाए।
इन 10 खिलाड़ियों की जगह पक्की
सलमान अली आगा (कप्तान), साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, फखर जमां, शादाब खान, बाबर आजम, फहीम अशरफ, मोहम्मद नवाज, उस्मान खान और अबरार अहमद।
इन पर विचार किया जाएगा
शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह, सलमान मिर्जा, ख्वाजा नफेय, अब्दुल समद, मोहम्मद वसीम जूनियर और उस्मान तारिक।
T20I वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप
ग्रुप A: भारत, पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड, नामीबिया
ग्रुप B: ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका, आयरलैंड, जिम्बाब्वे, ओमान
ग्रुप C: इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, नेपाल, इटली
ग्रुप D: न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान, कनाडा, यूएई
ऐसा रहेगा वर्ल्ड कप का फॉर्मेट
फॉर्मेट पिछले वर्ल्ड कप की तरह ही होगा। 20 टीमों को 4 ग्रुप में बांटा गया है। हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सुपर-8 राउंड के लिए क्वालिफाई करेंगी। यहां 8 टीमों को 2 ग्रुप में बांटा जाएगा। फिर दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। उसके बाद फाइनल होगा।
पहला सेमीफाइनल मुंबई में खेला जाएगा। यदि पाकिस्तान और श्रीलंका क्वालिफाई करती है तो दूसरा सेमीफाइनल कोलंबो में होगा, नही तो यह मुकाबला कोलकाता में खेला जाएगा। फाइनल अहमदाबाद में होगा। यदि पाकिस्तान ने क्वालिफाई किया तो यह खिताबी मुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा।

