पंड्या की मुरली कार्तिक से तीखी बहस: हार्दिक गुस्से में नजर आए, रायपुर मैच का VIDEO वायरल
Published:
2 min read

भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 5 T20I की सीरीज के दूसरे मुकाबले में 7 विकेट से शिकस्त दी। इस तरह इंडिया ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली।
स्पोर्ट्स डेस्क. न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे टी20 मैच में भारतीय टीम ने 7 विकेट से जीत दर्ज की। इस तरह सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने 5 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। दूसरा मैच रायपुर में हुआ। मुकाबले से ठीक पहले मैदान पर ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और पूर्व भारतीय क्रिकेटर मुरली कार्तिक के बीच एक पंगा भी देखने को मिला।
इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें साफ देख सकते हैं कि पंड्या और कार्तिक के बीच नोकझोंक देखने को मिली। पंड्या गुस्से में कुछ कहते दिखाई दे रहे हैं।
मैच के पहले का विवाद
दरअसल मैच शुरू होने से पहले हार्दिक पंड्या प्रैक्टिस किट में बैट और ग्लव्स लेकर मैदान पर आ रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात कमेंट्री कर रहे मुरली से हुई। दोनों के बीच कुछ देर तक बातचीत होती दिखी, जो देखने में थोड़ी तीखी बहस लग रही थी।
यह वीडियो स्टैंड में बैठे एक फैन ने रिकॉर्ड किया था, लेकिन इसमें आवाज नहीं थी, इसलिए लोग अंदाजा लगा रहे हैं कि आखिर दोनों के बीच क्या बात हुई होगी। हालांकि यह बातचीत किस मुद्दे पर हुई, इसकी कोई जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन वीडियो ने फैंस के बीच खूब चर्चा बटोर ली है।
इंडिया ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली
मैच की बात करें तो भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 5 T20I की सीरीज के दूसरे मुकाबले में 7 विकेट से शिकस्त दी। इंडिया ने 209 रन का टारगेट 15.2 ओवर में चेज किया। यह मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में हुआ।
इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। इस मैच को हीरो कप्तान सूर्यकुमार यादव और ईशान किशन रहे, जिन्होंने फिफ्टी लगाई। ईशान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सूर्या ने 37 बॉल पर 82 रन की नाबाद पारी खेली। ईशान ने 32 बॉल पर 76 रन बनाए। सीरीज का पहला T20I मैच नागपुर में हुआ था, जिसे भारतीय टीम ने 48 रन से जीता था।


