हार्दिक का टैटू 3 घंटे में बना: जिस स्टार आर्टिस्ट ने बनाया, उसके एक सेशन की फीस 5 लाख, यहां स्पेशल इन्फॉर्मेशन
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. हार्दिक पांड्या ने इस वैलेंटाइन डे पर गर्लफ्रेंड महिका शर्मा को खास तोहफा दिया। उन्होंने अपनी गर्दन के पीछे दो तेंदुओं (लेपर्ड) और ‘M’ अक्षर का टैटू बनवाया। यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस टैटू को सनी भानुशाली और उनकी टीम ने तैयार किया। सनी Aliens Tattoo के फाउंडर हैं। एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में सनी ने हार्दिक के इस टैटू और आर्ट से जुड़े कुछ और मसलों पर जानकारी दी।
क्या चाहते थे हार्दिक
सनी ने बताया- हार्दिक का आइडिया काफी सिंपल था। वह M बनावना चाहते थे, जो महिका के नाम का पहला अक्षर था। हालांकि उनकी टीम ने टैटू के पीछे की कहानी को कनेक्ट किया। टीम ने पहले महिका नाम का अर्थ समझा। इसका मतलब- धरती की बेटी। इस थीम पर कई डिजाइन बनाए गए। हालांकि मुझे लगा कि डिजाइन में वह खास बात नहीं आ रही।

इसके बाद बातचीत के दौरान उन्होंने हार्दिक और महिका की पर्सनैलिटी समझने की कोशिश की। सनी ने बताया कि दोनों बहुत goal oriented हैं, फ्यूचर के बारे में सोचते हैं। उनके घर में बिल्लियों से जुड़े कई सजावटी सामान भी हैं। यहीं से पता चला कि दोनों को तेंदुए बहुत पसंद हैं।
क्यों चुने गए दो तेंदुए
सनी आगे कहते हैं- तभी हमारी टीम ने फैसला किया कि डिजाइन में एक नर और एक मादा तेंदुआ बनाया जाएगा। मादा तेंदुआ को हल्के आउटलाइन स्टाइल में बनाया गया, जो नरमी और शांति को दर्शाता है।नर तेंदुआ को सेमी-रियलिस्टिक स्टाइल में बनाया गया। ये ताकत, रफ्तार और अलग माइंड सेट को दिखाता है। यह नर तेंदुआ हार्दिक की पर्सनैलिटी को दर्शाता है। दोनों तेंदुओं के बीच में ‘M’ अक्षर उभरकर दिखाई देता है, जो महिका के लिए उनके प्यार का प्रतीक है। सनी के मुताबिक- इस तरह इस लव स्टोरी को एक आर्टवर्क में बदल दिया गया।
3 घंटे में बना टैटू
सनी ने बताया कि हार्दिक रात 2 बजे स्टूडियो पहुंचे थे। डिजाइन फाइनल करने के बाद टैटू बनाने में लगभग 3 घंटे लगे। सुबह करीब 5 से 5:30 बजे तक यह काम पूरा हुआ। इतनी बारीकी और डिटेल के साथ टैटू बनाना आसान नहीं होता, लेकिन टीम ने इसे शानदार तरीके से पूरा किया।
अब कीमत की बात
सनी ने टैटू की कीमतों के बारे में कहा- छोटे टैटू की कीमत 900 से 1200 रुपए प्रति स्क्वायर इंच से शुरू होती है। स्टूडियो की बेस प्राइस 3500 रुपए है। टफ या टिपिकल डिजाइन के लिए 4000 से 15000 रुपए प्रति घंटे तक चार्ज किया जाता है।बड़े टैटू, जिनमें 6–8 घंटे के सेशन लगते हैं, उनकी कीमत 24,000 से शुरू होकर 5 लाख रुपए प्रति सेशन तक जाती है। सनी खुद एक सेशन के 5 लाख रुपए चार्ज करते हैं। अगर कोई पूरी बांह का टैटू बनवाता है, तो उसमें 5–6 सेशन लग सकते हैं। यह खर्च 25 से 30 लाख रुपए तक पहुंच सकता है।
भारत में 18 स्टूडियो
सनी ने 2007 में अपना पहला टैटू किट खरीदा था। शुरुआत में वह अपने दोस्तों के लिए मुफ्त में टैटू बनाते थे। धीरे-धीरे लोगों ने उनके काम की सराहना की और पैसे देने शुरू किए। जब उनकी कमाई उनकी नौकरी जितनी हो गई, तो उन्होंने नौकरी छोड़कर टैटू को ही कॅरियर बना लिया।आज उनके भारत में 18 स्टूडियो हैं। उन्होंने कई बड़े सितारों के लिए भी टैटू बनाए हैं। इनमें विराट कोहली कृति सैनन, अर्जुन कपूर और रश्मिका मंधना शामिल हैं।


