पंड्या की फटकार, तिलक गुस्से में आए: पहले 22 बॉल पर 19 रन, डांट के बाद 23 बॉल पर 82 रन बनाकर सेंचुरी लगाई; VIDEO
Published: Updated:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन में मुंबई इंडियंस (MI) ने गुजरात टाइटन्स (GT) को 99 रन से हराया। सोमवार (20 अप्रैल) को हुए इस मैच में तिलक वर्मा ने सेंचुरी लगाई। उन्हें ही प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। तिलक के लिए यह सेंचुरी आसान नहीं थी। उन्हें इससे पहले कप्तान हार्दिक पंड्या से डांट फटकार भी सुननी पड़ी।
इसी फटकार के बाद तिलक गुस्से में आए और उन्होंने 45 बॉल पर सेंचुरी लगाई। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें पंड्या गुस्से में तिलक को कुछ कहते दिख रहे हैं।
मैच में तिलक की धीमी शुरुआत
दरअसल, मैच में टॉस हारकर मुंबई टीम पहले बैटिंग करने उतरी थी। MI ने 14 ओवर में 4 विकेट पर 103 रन बना लिए थे। तिलक 22 बॉल पर 19 रन बनाकर खेल रहे थे। इस दौरान उन्होंने कोई बाउंड्री भी नहीं लगाई थी। दूसरी ओर पंड्या भी 5 बॉल पर 3 रन बनाकर क्रीज पर थे।
पंड्या की डांट के बाद सेंचुरी लगाई
इसी दौरान स्ट्रेटेजिक टाइम आउट हुआ। तभी पंड्या ने तिलक को फटकार लगाई। वीडियो में साफ देख सकते हैं कि पंड्या गुस्से में कुछ कहते दिख रहे हैं। शायद वे तिलक को तेज पारी खेलने के लिए कह रहे हैं। इसका असर 15वें ओवर से ही दिखना शुरू हुआ।
पंड्या की फटकार का असर दिखाई दिया। इससे सबक लेकर तिलक ने 15वें ओवर में एक छक्का और 2 चौके लगाए। इस ओवर में 19 रन बने। यहां से तिलक जरा भी नहीं रुके और उन्होंने अगली 23 बॉल खेलकर 82 रन बना डाले। इस तरह तिलक ने इस मैच में 45 बॉल पर 101 रन की नाबाद पारी खेली। इस दौरान 7 सिक्स और 8 चौके लगाए।
मुंबई ने गुजरात को 99 रन से हराया
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए मुंबई टीम ने 5 विकेट पर 199 रन बनाए। तिलक के अलावा नमन धीर ने 32 बॉल पर 45 रन बनाए। गुजरात टीम के लिए कगिसो रबाडा ने 33 रन देकर 3 विकेट लिए।
200 रन के टारगेट के जवाब में गुजरात की पूरी टीम 15.5 ओवर में 100 रन पर ही ऑलआउट हो गई। वॉशिंगटन सुंदर ने 17 बॉल पर 26 रन बनाए। पेसर अश्विनी कुमार ने 24 रन देकर 4 विकेट लिए। एएम गजनफर और मिचेल सेंटनर ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। इस तरह मुंबई यह मैच 99 रन से जीत गई।

