भारत के लिए 5 ICC ट्रॉफी जीतने का सपना: हार्दिक पंड्या बोले- मैं अब और खतरनाक ऑलराउंडर बनना चाहता हूं
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. हार्दिक पांड्या ने कहा है कि उनका सफर अभी खत्म नहीं हुआ, बल्कि अब असली कहानी शुरू हो रही है।
10 साल के इंटरनेशनल एक्सपीरियंस के साथ हार्दिक मानते हैं कि आने वाले समय में वह बल्लेबाजी के दम पर विरोधी टीमों को परेशान कर सकते हैं। उनका लक्ष्य सिर्फ अच्छा खेलना नहीं, बल्कि भारत के लिए और ज्यादा ICC ट्रॉफियां जीतना है।
टी20 वर्ल्ड कप में हार्दिक भारत के सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक होंगे। उनका अनुभव, आत्मविश्वास और ऑलराउंडर काबिलियत भारत को मजबूत बनाती है। हार्दिक ने न्यूज एजेंसी ANI को दिए इंटरव्यू में अहम बातें कहीं।
10 साल का अनुभव
हार्दिक भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े मैच विनर खिलाड़ियों में से एक बन चुके हैं। उनकी सबसे बड़ी ताकत उनका आत्मविश्वास है। रन बनाना हो या मुश्किल समय में विकेट निकालना, हार्दिक जिम्मेदारी लेने से पीछे नहीं हटते।
हाल ही में एक इंटरव्यू में हार्दिक ने कहा कि लोग चाहे मानें या न मानें, लेकिन उन्हें लगता है कि उनका क्रिकेट करियर अभी शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि यह उनके करियर के 10 साल नहीं, बल्कि जिंदगी के 10 सालों का अनुभव है, जिसने उन्हें और ज्यादा मजबूत बनाया है। यही अनुभव उन्हें एक खतरनाक खिलाड़ी बनाता है।

हार्दिक का यह बयान कि वह अब बल्लेबाजी में लोगों को डराना चाहते हैं, उनके बदले हुए माइंडसेट को दिखाता है। पहले जहां उन्हें एक पावर हिटर के रूप में देखा जाता था, अब वह खुद को एक मैच कंट्रोल करने वाले बल्लेबाज के तौर पर देखते हैं। वह हालात के हिसाब से खेलना जानते हैं।
ICC इवेंट में इंडिया को जीत दिलाना है
ICC ट्रॉफियों को लेकर हार्दिक का सपना भी बहुत बड़ा है। वो भारत के लिए कम से कम 4-5 और ट्रॉफियां जीतना चाहते हैं। यह बयान सिर्फ जोश में नहीं है, बल्कि उनके पिछले प्रदर्शन इस बात को साबित करते हैं कि वह बड़े मंच पर भरोसेमंद खिलाड़ी हैं।

2024 टी20 वर्ल्ड कप में हार्दिक का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने मुश्किल मौकों पर रन बनाए और गेंदबाजी में भी कमाल किया। खासतौर पर फाइनल मुकाबले में उनकी गेंदबाजी ने मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। क्लासेन और डेविड मिलर जैसे खतरनाक बल्लेबाजों को आउट करना आसान नहीं था। हार्दिक ने यह कर दिखाया।
क्रिकेट सिर्फ शो ऑफ नहीं
इसके अलावा चैंपियंस ट्रॉफी में भी हार्दिक ने छोटे लेकिन अहम योगदान दिए। भले ही उनके आंकड़े बहुत बड़े न दिखें, लेकिन उन्होंने सही समय पर रन बनाए और विकेट निकाले। यही वजह है कि टीम मैनेजमेंट और कप्तान उन पर पूरा भरोसा करते हैं।हार्दिक का एक बयान काफी दिलचस्प था, जब उन्होंने कहा कि मैदान पर लिया गया एक कैच उनकी घड़ी से ज्यादा कीमती है। इसका मतलब उनके लिए क्रिकेट सिर्फ शो ऑफ नहीं, बल्कि जुनून और जिम्मेदारी है। वह मैदान पर पूरी ईमानदारी और दिल से खेलते हैं।

T20 इंटरनेशनल करियर
मैच: 129
रन: 2071
औसत: 30
स्ट्राइक रेट: 144.52
फिफ्टी : 4
हाईएस्ट स्कोर: 71

गेंदबाजी रिकॉर्ड
मैच: 129
विकेट: 105
इकोनॉमी: 8.29

