हार्दिक के क्रिकेट में 10 साल पूरे: पांड्या बोले-इस क्रिकट ने मुझे इंसान बनाया, अभी तो बस शुरुआत है: यह स्पोर्ट्स मेरी जिंदगी
Published:
2 min read

हार्दिक पांड्या ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 10 साल पूरे कर लिए हैं।
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के मशहूर ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 10 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर उन्होंने अपनी खुशी और भावनाएं सोशल मीडिया पर शेयर कीं। हार्दिक ने साफ कहा कि ये सफर अभी खत्म नहीं हुआ है, बल्कि वह अब असली रास्ते पर चलना शुरू कर रहे हैं।
26 जनवरी से शुरू हुआ खास सफर
हार्दिक ने 26 जनवरी 2016 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेला था। यह दिन इसलिए भी खास था क्योंकि उसी दिन भारत गणतंत्र दिवस मनाता है। हार्दिक ने कहा कि देश के लिए खेलना उनके लाइफ की सबसे बड़ी अचीवमेंट है। हार्दिक ने अपने पुराने दिन याद करते हुए बताया कि बड़ौदा से निकलकर टीम इंडिया तक पहुंचना आसान नहीं था। वह ज्यादा देर तक प्रैक्टिस करते थे, बल्लेबाजों को गेंदबाजी भी कराते थे ताकि खुद भी बेहतर बन सकें। 19 साल की उम्र में उन्होंने ऑलराउंडर बनने का फैसला किया। कई बार उन्हें रिजेक्शन भी झेलना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी।

अभी बहुत कुछ बाकी है
हार्दिक ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- इस खेल ने मुझे इंसान बनाया। क्रिकेट ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। मैं इसी खेल के साथ बड़ा हुआ हूं और इसी के साथ बूढ़ा होना चाहता हूं। भगवान और उन सभी लोगों का धन्यवाद किया जिन्होंने मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया। 10 साल पूरे होने के बाद भी हार्दिक पांड्या का जोश कम नहीं हुआ है। उनका मानना है कि ये सफर अभी शुरू ही हुआ है। आने वाले समय में वह देश के लिए और भी अच्छा खेल दिखाना चाहते हैं। हार्दिक की कहानी हर उस इंसान को इंस्पायर करती है, जो मेहनत और हौसले से आगे बढ़ना चाहता है।
भारत को दिलाई बड़ी जीत
हार्दिक भारत की टी20 और वनडे टीम का अहम हिस्सा रहे हैं। उन्होंने भारत के साथ 2024 का टी20 वर्ल्ड कप और 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी जीती। T20 वर्ल्ड कप के फाइनल में उन्होंने आखिरी ओवर में डेविड मिलर को आउट कर भारत को जीत दिलाई, जिसे फैंस कभी नहीं भूलेंगे।


