हार्दिक पंड्या की कप्तानी को खतरा नहीं: MI टीम लगातार 5 सीजन से खिताब नहीं जीत सकी, IPL 2026 में 10 मैच खेलकर 9वें नंबर पर
Published:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन मुंबई इंडियंस (MI) स्ट्रगल करती नजर आ रही है। एक हार उसे इस सीजन से बाहर कर देगी। MI की इस खराब हालत को लेकर कुछ फैन्स कप्तान हार्दिक पंड्या को दोषी मान रहे हैं। कुछ का दावा है कि पंड्या की कप्तानी जा सकती है, लेकिन ऐसा नहीं है। MI टीम लगातार 5 सीजन से खिताब नहीं जीत सकी है। उसने आखिरी बार 2020 सीजन जीता था। मौजूदा सीजन में बाहर हुई तो छठा सीजन बगैर खिताब के निकलेगा।
इंडियन एक्सप्रेस ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने क्लियर कर दिया है कि पूरी टीम पंड्या के साथ है। उन्हें सपोर्ट करते हैं। हार्दिक पंड्या की कप्तानी को कोई खतरा नहीं है।
MI मैनेजमेंट का मानना है कि टूर्नामेंट में खेल का अंदाज तेजी से बदला है और मुंबई टीम उस हिसाब से ढल नहीं सकी। कई टीमों ने ओपनर्स से तेज शुरुआत करवाई। जबकि पावरप्ले के साथ डेथ ओवर्स में दबाव डालने वाले बॉलर्स पर भरोसा जताया। MI ऐसा नहीं कर सकी है। हार की यह बड़ी वजह रही है।
मुंबई टीम ने 10 में से 3 मैच जीते
दरअसल, MI टीम ने IPL 2026 सीजन में अब तक 10 मैच खेले हैं, जिसमें से 3 जीते और 7 में हार मिली है। इस तरह यह टीम 6 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में 9वें नंबर पर काबिज है। उसे अभी 4 मैच और खेलने हैं। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए MI को अब सभी 4 मैच जीतने होंगे। उसके बाद भी प्लेऑफ की गारंटी नहीं रहेगी।
तब नेट रनरेट का मामला फंस सकता है। प्लेऑफ में 14 पॉइंट्स के साथ कुछ टीमें पहुंचती हैं, लेकिन नेट रनरेट के आधार पर। जबकि 16 पॉइंट्स के साथ क्वालिफिकेशन लगभग कन्फर्म हो जाती है।

बुमराह-सूर्या भी खराब फॉर्म में
मुंबई के खराब प्रदर्शन में अकेले पंड्या को दोष नहीं दे सकते। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और सूर्यकुमार यादव भी खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। बुमराह ने 10 मैच में सिर्फ 3 विकेट लिए हैं। जबकि सूर्या ने 10 मैच में 195 रन ही बनाए हैं। तिलक वर्मा भी एक शतक छोड़ दें तो पूरे सीजन फ्लॉप ही रहे हैं।
पंड्या गुजरात टीम को खिताब जिता चुके
यह वही पंड्या हैं, जिन्होंने अपनी कप्तानी में गुजरात टाइटन्स को खिताब जिताया था। इस टीम के साथ उनका कप्तानी रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा, लेकिन मुंबई की कमान संभालते ही रिकॉर्ड फीका पड़ गया।
IPL 2022 सीजन से दो नई टीमें गुजरात टाइटन्स और लखनऊ सुपर जायंट्स शामिल हुई थीं। तब गुजरात टीम की कमान पंड्या को ही मिली थी। यह पहला ही सीजन गुजरात ने अपने नाम किया था।
पंड्या की कप्तानी वाली इस टीम ने फाइनल में राजस्थान रॉयल्स (RR) को हराया था। इसके अगले यानी 2023 सीजन में पंड्या ने अपनी कप्तानी में गुजरात टीम को फाइनल में पहुंचाया था, जहां चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के हाथों शिकस्त मिली थी।
इस तरह पंड्या की कप्तानी में गुजरात टीम ने दो सीजन में 31 मैच खेले, जिसमें से 22 जीते और सिर्फ 9 हारे। इस तरह पंड्या की कप्तानी में गुजरात टीम का जीत प्रतिशत 71 रहा था।

पंड्या की कप्तानी में मुंबई टीम का प्रदर्शन
2024 सीजन में मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने हार्दिक पंड्या को ट्रेड करके अपनी टीम का कप्तान बना दिया था। तब रोहित शर्मा को कप्तानी से हटाकर पंड्या को कमान दी थी। ऐसे में पंड्या काफी ट्रोल भी हुए थे। इस सीजन में मुंबई टीम 14 में से 4 ही मैच जीत सकी थी और पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे यानी 10वें नंबर पर रही थी।
2025 सीजन में मुंबई टीम 14 में से 8 मैच जीतकर चौथे नंबर पर रहते हुए प्लेऑफ में पहुंची थी। तब मुंबई क्वालिफायर-2 में पंजाब किंग्स से हारकर बाहर हुई थी। अब मौजूदा सीजन यानी 2026 में मुंबई टीम ने अब तक 10 मैच खेले, जिसमें से 3 जीते और 7 हारे हैं। फिलहाल यह टीम 9वें नंबर पर है।
मुंबई इंडियंस का स्क्वॉड:
रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, रॉबिन मिन्ज, रेयान रिकेल्टन, हार्दिक पंड्या (कप्तान), विल जैक्स, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, नमन धीर, मिचेल सेंटनर, राज अंगद बावा, कॉर्बिन बॉश, अश्विनी कुमार, रघु शर्मा, अल्लाह गजनफर, शेरफेन रदरफोर्ड, मयंक मारकंडे, क्विंटन डि'कॉक, मयंक रावत, अथर्व अंकोलकर, मोहम्मद इजहार और दानिश मालेवर।

