18 साल बाद फिर स्लैपगेट सुर्खियों में: श्रीसंत बोले- हरभजन मेरे भाई जैसे थे; थप्पड़ कांड के ऐड से उन्हें 1 करोड़ मिले- इंस्टा पर अनफॉलो किया
Published:
3 min read

स्लैपगेट IPL 2008 की सबसे विवादित घटना थी। उस समय कैमरों में श्रीसंत को मैदान पर रोते हुए भी देखा गया था। बाद में हरभजन ने अपनी गलती मानते हुए माफी भी मांगी थी। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. IPL 2008 का थप्पड़ कांड यानी स्लैपगेट फिर चर्चा में है। उस वक्त एक मैच के बाद हरभजन सिंह ने पूर्व पेसर श्रीसंत को मैदान पर थप्पड़ मार दिया था। इसके वीडियो आज भी वायरल होत हैं। भज्जी ने श्रीसंत से कई बार इसके लिए माफी भी मांगी।
हालांकि, अब मामले में नया ट्विस्ट है। श्रीसंत का आरोप है कि हाल ही में हरभजन ने इस पुराने विवाद पर बनाए गए एक ऐड से करीब एक करोड़ रुपए कमाए। श्रीसंत इससे बेहद नाराज हैं।
पहले विवाद जान लीजिए
IPLके पहले सीजन 2008 में हुआ स्लैपगेट विवाद आज भी क्रिकेट फैंस को याद है। उस समय किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) और मुंबई इंडियंस के मैच के बाद हरभजन ने कुछ कहासुनी के बाद श्रीसंत को थप्पड़ मार दिया था। हरभजन को बाकी सीजन के लिए बैन भी कर दिया गया था।
बाद में दोनों खिलाड़ियों ने इस मामले को खत्म कर दिया था। ऐसा लग रहा था कि सब ठीक हो गया है। लेकिन अब श्रीसंत ने फिर इस मुद्दे को उठाया है और कहा है कि उनके और हरभजन के बीच रिश्ते फिर खराब हो गए हैं।
श्रीसंत ने आरोप लगाया है कि हरभजन ने हाल ही में एक विज्ञापन किया, जिसमें ‘स्लैपगेट’ घटना को मजाकिया अंदाज में दिखाया गया। उनका कहना है कि इस ऐड से हरभजन ने 80 लाख से 1 करोड़ रुपए कमाए। यही बात उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आई।

एड को सोशल मीडिया पर शेयर करें
श्रीसंत ने Mathrubhumi को दिए गए इंटरव्यू में कहा- पहले हरभजन को माफ कर दिया था, लेकिन मैं अब उस घटना को कभी नहीं भूल पाउंगा। अगर कोई आपके साथ गलत करता है, तो उसे माफ कर देना चाहिए, लेकिन भूलना नहीं चाहिए। अगर आप भूल जाएंगे, तो सामने वाला वही गलती दोबारा करेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि हरभजन ने उन्हें फोन करके कहा था कि वह उस ऐड को अपने सोशल मीडिया पर शेयर करें, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया। श्रीसंत ने आगे कहा- पहले मैं हरभजन को अपना भाई मानता था, लेकिन अब उनसे कोई रिश्ता नहीं है। मैंने हरभजन को इंस्टाग्राम पर ब्लॉक कर दिया है। मेरे माता-पिता ने सिखाया है कि माफ करो, लेकिन भूलो मत।
टीम इंडिया के लिए खेल चुके इस पूर्व पेसर ने आखिर में कहा- हरभजन से अब कोई शिकायत नहीं है। मुझे उनकी जरूरत भी नहीं है। मैं बस भज्जी और उनके परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना करता हूं।

स्लैपगेट IPL 2008 की सबसे बड़ी विवादित घटना थी। उस समय कैमरों में श्रीसंत को मैदान पर रोते हुए भी देखा गया था। बाद में हरभजन ने अपनी गलती मानते हुए माफी भी मांगी थी। इसके बाद दोनों कई बार साथ भी नजर आए।

