गुजरात जायंट्स ने दिल्ली को 3 रन से हराया: मूनी की फिफ्टी, डिवाइन के 4 विकेट; देखे पॉइंट्स टेबल का हाल
Published:
2 min read

वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में गुजरात ने अपनी चौथी जीत दर्ज की। अब प्लेऑफ में क्वालिफाई करने के लिए गुजरात को अपना आखिरी मैच (30 जनवरी) जीतना होगा। (फोटो क्रेडिट: @wpl)
स्पोर्ट्स डेस्क. वीमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में मंगलवार को गुजरात जायंट्स (GG) ने दिल्ली कैपिटल्स को 3 रन से हरा दिया। यह इस सीजन में गुजरात की चौथी जीत रही। मैच वडोदरा में खेला गया। इस जीत के साथ गुजरात की टीम पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है।
टॉस दिल्ली के नाम
दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला लिया। गुजरात की शुरुआत खराब रही। बेथ मूनी और अनुष्का शर्मा ने अच्छी पार्टनरशिप की। अनुष्का 25 गेंद में 39 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद गुजरात ने बैक टू बैक विकेट गंवाए। कप्तान एले गार्डनर सिर्फ 2 रन बना पाईं। जॉर्जिया वेयरहम, भारती फूलमाली, कनिका आहूजा, काशवी गौतम और रेणुका ठाकुर भी बड़ी इनिंग नहीं खेल सकीं। बेथ मूनी टिककर खेलती रहीं। उन्होंने 58 रन बनाए।
आखिरी ओवरों में तनुजा कंवर ने 11 गेंद में 21 रन बनाकर गुजरात को 150 पार पहुंचाने में मदद की। इस तरह गुजरात ने निर्धारित 20 ओवर में 174 रन बनाए। दिल्ली की ओर से श्री चरणी ने 4 विकेट लिए।
दिल्ली ने 100 रन के अंदर 6 विकेट गंवाए
175 रन के टारगेट का पीछा करते हुए दिल्ली की शुरुआत खराब रही। शेफाली वर्मा, लिजेल ली और लौरा वोलवार्ट जल्द आउट हो गईं। जेमिमा रोड्रिग्ज और शिनेले हेनरी भी बड़ी पारी नहीं खेल सकीं। टीम ने 100 रन के अंदर 6 विकेट गंवा दिए।
आखिर में निकी प्रसाद ने 47 और स्नेह राणा ने 29 रन बनाए। दिल्ली जीत तक नहीं पहुंच सकी। गुजरात के लिए सोफी डिवाइन ने 4 और राजेश्वरी गायकवाड़ ने 3 विकेट लिए।
पॉइंट्स टेबल का हाल
गुजरात ने 7 मैच में 4 जीत के साथ 8 पॉइंट हासिल किए हैं। टीम दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। गुजरात का आखिरी मैच 30 जनवरी को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होगा। जो टीम यह मैच जीतेगी वह प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर जाएगी। बेंगलुरु पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुकी है।

