ODI वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी IPL के बाद: कोच गंभीर बोले- सीजन खत्म होते ही ब्लूप्रिंट बनेगा, बेस्ट कॉम्बिनेशन पर फोकस
Published:
3 min read

ICC वनडे वर्ल्ड कप साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होगा। टूर्नामेंट अक्टूबर और नवंबर 2027 में खेला जाएगा। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. T20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद टीम इंडिया की नजर अब ODI वर्ल्ड कप 2027 पर है। टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने कहा- अगले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी IPL 2026 खत्म होते ही शुरू हो जाएगी। पूरा प्लान और ब्लूप्रिंट तैयार किया जाएगा।
कुछ दिन थोड़ा आराम करेंगे
इंडिया टुडे के साथ बातचीत में गंभीर ने कहा- टी20 वर्ल्ड कप के बाद कोचिंग स्टाफ थोड़ा आराम करेगा। फिर ODI वर्ल्ड कप की तैयारी शुरू की जाएगी। IPL 2026 के बाद भारत के पास करीब 25 से 30 वनडे मैच खेलने का मौका होगा। सही टीम कॉम्बिनेशन पर काम करेंगे।

गौतम गंभीर जुलाई 2024 से हेड कोच हैं। उनका टेन्योर ODI वर्ल्ड कप 2027 तक है। (@BCCI)
ब्लूप्रिंट तैयार होगा
'गौती' के निकनेम से मशहूर गंभीर ने कहा - ODI वर्ल्ड कप 2027 साउथ अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में खेला जाएगा। वहां की पिच आमतौर पर फास्ट और बाउंस वाली होती हैं। टीम मैनेजमेंट ऐसी कंडीशन में फिट बैठने वाले प्लेयर्स का सिलेक्शन करेगा। IPL 2026 खत्म होते ही वर्ल्ड कप का पूरा ब्लूप्रिंट तैयार किया जाएगा। आगे की स्ट्रेटेजी उसी हिसाब से रहेंगी।

भारत ने इस टी20 वर्ल्ड कप में तीन बार 250 से ज्यादा रन बनाए हैं। अब तक कोई टीम ऐसा नहीं कर पाई। (@bcci)
पब्लिक की नजर से कुछ नहीं बच सकता
टीम के माहौल को लेकर भी गंभीर ने अपनी बात साफ रखी। उन्होंने कहा- अगर टीम के ज्यादातर प्लेयर्स मुझसे खुश नहीं होंगे तो मेरे लिए ड्रेसिंग रूम में रहने का कोई मतलब नहीं है। अगर प्लयेर्स खुश हैं तो इसका मतलब है मैं काम सही कर रहा हूं।
अक्सर लोग कहते हैं कि टीम का माहौल अच्छा नहीं है। यह सब बकवास है। टीम इंडिया लगातार मीडिया और पब्लिक की नजर में रहती है, इसलिए अगर कुछ गलत होगा तो वह छिप नहीं सकता।

T20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल में भारत का स्कोर 255/5 रहा। जवाब में न्यूजीलैंड टीम 159 रन ही बना सकी। (फोटो सोर्स- BCCI)
भारत लगातार दूसरा T20 WC जीता
इंडिया लगातार दूसरी बार यह ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बनी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से शिकस्त दी। संजू सैमसन ने 46 बॉल पर 89 रन बनाए। जसप्रीत बुमराह ने 4 और लोकल बॉय अक्षर पटेल ने 3 विकेट लिए।
भारतीय टीम ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता था। यह टूर्नामेंट का पहला सीजन भी था। इसके बाद टीम इंडिया ने पिछला वर्ल्ड कप 2024 रोहित शर्मा की कप्तानी में जीता था। अब लगातार दूसरी बार टीम इंडिया चैम्पियन बनी है।

इंडिया पहली बार लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम बन गई है। (@bcci)

