कोच गंभीर टीम इंडिया के शेड्यूल से नाराज: अफगानिस्तान टेस्ट में बुमराह-गिल को आराम, यंग प्लेयर्स को मौका मिल सकता है
Published:
2 min read

IPL 2026 का फाइनल 31 मई को खेला जाएगा, जबकि भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट 6 जून से शुरू होना है। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर और टेस्ट कप्तान शुभमन गिल इन दिनों टाइट शेड्यूल को लेकर खुश नहीं हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक- IPL 2026 के तुरंत बाद भारतीय टीम को अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट खेलना है। BCCI के इस फैसले से टीम मैनेजमेंट परेशान है। ऐसे में खिलाड़ियों के वर्कलोड और फिटनेस को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
IPL के बाद कुछ दिन का आराम
IPL 2026 का फाइनल 31 मई को खेला जाएगा। जबकि भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट 6 जून से शुरू होना है। ऐसे में खिलाड़ियों को कुछ ही दिनों का आराम मिलेगा। इस टाइट शेड्यूल को लेकर BCCI की आलोचना हो रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक- गंभीर और गिल पहले भी इस तरह के शेड्यूल के खिलाफ अपनी राय जता चुके हैं। उनका मानना है कि लगातार मैच खेलने से खिलाड़ियों पर मेंटली दबाव बढ़ता है।
इस स्थिति को देखते हुए चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर एक बैकअप प्लान तैयार कर रहे हैं। संभावना है कि इस टेस्ट मैच में कुछ नए और युवा खिलाड़ियों को मौका दिया जाए। इनमें देवदत्त पडिक्कल जैसे खिलाड़ी शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है।

सीनियर को मिल सकता है आराम
टीम के सीनियर खिलाड़ी जैसे जसप्रीत बुमराह, शुभमन गिल, केएल राहुल और रवींद्र जडेजा को इस टेस्ट से आराम दिया जा सकता है। इनके अलावा मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव को भी आराम दिया जा सकता है।

वर्कलोड सबसे बड़ा मुद्दा
रिपोर्ट के मुताबिक- अफगानिस्तान के खिलाफ यह मैच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा नहीं है। ऐसे में इसमें सीनियर्स को खिलाने का ज्यादा फायदा नहीं है। टीम मैनेजमेंट चाहता है कि खिलाड़ी फिट और तरोताजा रहें, क्योंकि आगे श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज और कई वनडे मैच होने हैं।

