सिद्धिविनायक पहुंचे शाह-सूर्या और गंभीर: ट्रॉफी जीतने के बाद अहमदाबाद के हनुमान मंदिर में भी दर्शन किए थे; यहां Viral Video
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. T20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर ट्रॉफी मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे। इस दौरान ICC चेयरमैन जय शाह भी उनके साथ थे।
टीम इंडिया ने 8 मार्च को अहमदाबाद में फाइनल जीता था। इसके बाद गंभीर और सूर्या अहमदाबाद के ही एक हनुमान मंदिर में ट्रॉफी लेकर गए थे और भगवान का आशीर्वाद लिया था। तब भी जय शाह भी साथ थे।
अब गंभीर, शाह और सूर्या मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे हैं। इसका वीडियो भी सामने आया है। इसमें सभी पूजा करते दिख रहे हैं। ट्रॉफी पर भी फूलमाला दिखाई दे रही है।
तीन T20 WC जीतने वाली इंडिया पहली टीम
दरअसल, T20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुआ था। इस खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया था। यह टीम इंडिया का लगातार दूसरा और ओवरऑल तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब था। यह उपलब्धि हासिल करने वाली भारत पहली टीम भी बन गई है।
फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराया
इस फाइनल में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए टीम इंडिया ने 5 विकेट पर 255 रन बनाए थे। न्यूजीलैंड टीम 19 ओवर में 159 रन ही बना सकी। इस तरह भारत ने 96 रन से मैच और खिताब जीत लिया। संजू सैमसन ने 89 रन की पारी खेली। जसप्रीत बुमराह ने 4 और अक्षर पटेल ने 3 विकेट लिए थे।
संजू प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था। उन्होंने 5 मैच में 321 रन बनाए। फाइनल समेत आखिरी 3 मैच में फिफ्टी लगाई। बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। उन्होंने फाइनल में 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट लिए थे।

