मुझे पता था संजू बेहतर करेगा: गुरू गंभीर बोले- स्टैट्स नहीं, इंट्यूशन पर चलता हूं, पिच कंट्रोवर्सी फिजूल
Published:
3 min read

गौतम गंभीर जुलाई 2024 से हेड कोच हैं। उनका टेन्योर ODI वर्ल्ड कप 2027 तक है। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. T20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद हेड कोच गौतम गंभीर ने कई मुद्दों पर तस्वीर साफ की है। गंभीर ने भारतीय पिच के बारे में सवाल को गलत बताया। उन्होंने कहा- टीम इंडिया सिर्फ घरेलू पिच पर 200 से ज्यादा रन नहीं बनाती। हमारी टीम ने ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका में भी बड़े स्कोर बनाए हैं। T20 अब बैटर्स का गेम है। बड़े स्कोर नॉर्मल हैं।
ये सिर्फ कंट्रोवर्सी है
'गौती' के निकनेम से मशहूर गंभीर ने न्यूज एजेंसी ANI को दिए इंटरव्यू में कहा - ICC टूर्नामेंट में पिच तैयार करने की जिम्मेदारी ICC की है। BCCI की नहीं। कुछ लोग कंट्रोवर्सी और TRP ( टेलीविन रेटिंग पॉइंट ) के लिए आरोप लगाते हैं। कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में टीम इंडिया ने 180 रन बनाए थे। बाकी टीमें उसी पिच पर 140 का फिगर भी क्रॉस नहीं कर पाईं।

T20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल में भारत का स्कोर 255/5 रहा। जवाब में न्यूजीलैंड टीम 159 रन ही बना सकी। (फोटो सोर्स- BCCI)
गलती मानने में पीछे नहीं हटता
गंभीर ने बताया- एक कोच के तौर पर मैं फैसले लेते समय स्टैटिस्टिक्स के बजाय अपने इंट्यूशन पर ज्यादा यकीन करता हूं। हर कोच का अपना विजन होता है। अगर मुझे लगता है कि कोई फैसला टीम के लिए सही है तो मैं वही करता हूं। अपनी गलती भी मानता हूं। वीवीएस लक्ष्मण और अजीत अगरकर से एडवाइज भी लेता हूं।
टैलेंट को इग्नोर नहीं कर सकते
न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में खराब फॉर्म के बावजूद संजू सैमसन को टीम में रखने के फैसले पर गंभीर ने कहा- मुझे पता था कि संजू टीम के लिए अच्छा करेंगे। फॉर्म हमेशा परमानेंट नहीं होती। संजू के टैलेंट को इग्नोर नहीं किया जा सकता। उन्होंने बहुत शानदार परफॉर्म किया।

इंडिया पहली बार लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम बन गई है। (@bcci)
कमेंट न करें
वर्ल्ड की जीत के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव, गौतम गंभीर और ICC चीफ जय शाह ट्रॉफी के साथ अहमदाबाद के हनुमान मंदिर गए थे। इस पर 1983 वर्ल्ड कप विजेता टीम के मेंबर और टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने कहा था - खेलों को किसी धर्म से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।
इससे जुड़े सवाल पर गंभीर ने कहा- खिलाड़ियों की मेहनत से मिली जीत पर कमेंट करना गलत है। उन्होंने बहुत प्रेशर झेला है। ऐसे स्टेटमेंट एक तरह से हमारी टीम का अपमान करना हैं।

भारत ने इस टी20 वर्ल्ड कप में तीन बार 250 से ज्यादा रन बनाए हैं। अब तक कोई टीम ऐसा नहीं कर पाई। (@bcci)

