अभिषेक की डक हैट्रिक से गंभीर को अपनी 3 जीरो याद आई: कोच गौतम बोले- इसी कारण अभिषेक को सपोर्ट किया, आज चैम्पियन हैं
Published:
4 min read

गौतम गंभीर जुलाई 2024 से भारतीय टीम के हेड कोच हैं। उनका टेन्योर ODI वर्ल्ड कप 2027 तक है। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय टीम के ओपनर अभिषेक शर्मा T20 वर्ल्ड कप 2026 के शुरुआती 3 मैचों में डक पर आउट हुए थे। इसके बावजूद हेड कोच गौतम गंभीर ने उनका सपोर्ट किया और लगातार मौके दिए। इसकी वजह बताते हुए गंभीर ने कहा कि IPL 2014 के दौरान मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ था।
गंभीर भी शुरुआती 3 मैचों में डक पर आउट हुए थे। अब कोच ने कहा कि इसी सपोर्ट के चलते आज हम चैम्पियन बने हैं। गंभीर ने कहा- मैं समझता हूं ऐसे टाइम में कोई भी प्लेयर मायूस हो सकता है। इसलिए हिम्मत देना जरूरी है। वे केवल 'आउट ऑफ फॉर्म नहीं' बल्कि 'आउट ऑफ रन' थे।

अभी सिक्स शर्मा का कमबैक
दरअसल, टूर्नामेंट की शुरुआत में अभिषेक लगातार 3 मैच में बिना कोई रन बनाए आउट हो गए। वे USA, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ खाता भी नहीं खोल पाए। इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट ने उन पर यकीन रखा।
हार्ड हिटिंग के चलते अभिषेक को 'अभी सिक्स' नाम दिया गया। उन्होंने सुपर-8 में जिम्बाब्वे के खिलाफ फिफ्टी लगाई। फिर फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 21 बॉल में 52 रन की इनिंग खेली। इस दौरान उन्होंने सिर्फ 18 बॉल में फिफ्टी लगाई।

एक समय में मैं अभिषेक की जगह था
गौती' के निकनेम से मशहूर गंभीर ने जियोहॉटस्टार से बातचीत में कहा - मैंने भी ऐसा दौर को देखा है। उससे गुजरा हूं। IPL 2014 के दौरान मैं लगातार 3 मैच में डक पर आउट हो गया था। इसलिए मैं जानता हूं कि ऐसे समय में एक खिलाड़ी को भरोसे की जरूरत होती है।
गंभीर ने आगे कहा- अभिषेक खराब फॉर्म में नहीं थे। बस रन नहीं बन पा रहे थे। मैंने उससे कहा था लोग स्कोर देखकर फॉर्म पर सवाल करेगें। तुम बस हार्डवर्क करते रहना। सच तो ये है कि अभिषेक फॉर्म में हैं। कई बार प्लेयर्स अच्छा खेल रहा होता है। फिर भी रन नहीं बनते।
कोच ने बताया- जब तक बैटर 20 से 30 बॉल नहीं खेलता। तब तक उसकी फॉर्म का सही अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। इसलिए मैने अभिषेक को अगले मैच में अटैकिंग खेलने की एडवाइस दी थी। टीम का हर प्लेयर ड्रेसिंग रूम के भरोसे के साथ मैदान में उतरता है। टीम को अभिषेक पर पूरा यकीन था।

अब गंभीर के डक वाला किस्सा भी जान लीजिए
2014 IPL सीजन में गंभीर ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) टीम की कप्तानी की थी। तब गंभीर अपने शुरुआती तीन मैचों में डक पर आउट हुए थे। तब गंभीर और आशीष नेहरा एक ही होटल में ठहरे हुए थे।

नेहरा ने गंभीर को डक खिलाई
चौथे मैच से ठीक एक रात पहले गंभीर-नेहरा और 3-4 दोस्त डिनर के लिए साथ गए। इसी समय नेहरा ने गंभीर को डक खिलाई। कुछ इंटरव्यू में गंभीर ने इस घटना के बारे में कहा था कि तब नेहरा ने डक ऑर्डर की। मुझसे कहता है कि खा ले। मैंने कहा पसंद नहीं है। तब नेहरा कहता है कि यहां खा ले, नहीं तो कल (मैच में) बन सकती है।
इसके बाद गंभीर ने डक टेस्ट कर लिया। फिर अगले दिन एक ही रन बना, कम से कम डक नहीं बनी। कोलकाता टीम का चौथा मैच पंजाब किंग्स के खिलाफ था। इसमें गंभीर तीन नंबर पर बैटिंग करने आए। वे एक ही रन बना सके थे।

एक इत्तेफाक ऐसा भी
इस पूरे मामले में एक दिलचस्प कोइन्सिडेंस भी देखने को मिलता है। उस समय गंभीर KKR के लिए ओपनिंग करते थे। इसी तरह अभिषेक ओपनर हैं।
गंभीर IPL 2014 के सीजन में लगातार 3 मैच में डक पर आउट हुए थे। अभिषेक भी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार 3 बार शून्य पर आउट हो गए।
2014 में गंभीर के खराब दौर के बावजूद KKR टीम ने खिताब जीता था। इसी तरह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी शुरुआती संघर्ष के बाद अभिषेक ने भारतीय टीम को चैंपियन बनाया।

