प्लेइंग 11 कोच की जिम्मेदारी: श्रीकांत बोले- ज्यादा बदलाव से बर्बादी, शास्त्री ने कहा- अच्छा रहा अभी हारे
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क.टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम मुश्किल दौर से गुजर रही है। ग्रुप स्टेज में टीम ने सभी मुकाबले जीतकर शानदार शुरुआत की, लेकिन दक्षिण अफ्रीका से मिली हार ने टीम की स्ट्रैटेजी पर सवाल खड़े कर दिए। अब सबसे ज्यादा चर्चा टीम के कोच गौतम गंभीर को लेकर हो रही है। क्या वह अपने एक्सपीरियंस से टीम को फिर से संभाल पाएंगे? चलिए कुछ अहम सवालों के जवाब समझते हैं।
अरे भाई...अक्षर बाहर क्योंं
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अहम मुकाबले में अक्षर पटेल को प्लेइंग 11 से बाहर रखने के फैसले पर सवाल उठे। पूर्व भारतीय क्रिकेटर (कृष्णमाचारी श्रीकांत) ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- मुझे समझ नहीं आता कि गौतम गंभीर क्या कर रहे हैं। क्या प्लेइंग 11 तय करना कोच की जिम्मेदारी नहीं है? अगर ऐसी रणनीति रहेगी तो टीम मुश्किल में पड़ जाएगी। उपकप्तान अक्षर पटेल को बाहर करना समझ से परे है। पहले शुभमन गिल को हटाया गया और अब अक्षर पटेल को। इससे गलत मैसेज जाता है और खिलाड़ी इनसिक्योर फील करते हैं।
वक्त है...संभल जाइए
पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री मुंबई में एक स्पोर्ट्स इवेंट के दौरान कहा- यह हार भारत के लिए वॉर्निंग है। यह अच्छा रहा कि यह हार अभी हुई। इससे टीम अपनी गलतियों को सुधार सकती है। सुपर-8 में अगर एक और मैच हारे तो दबाव बहुत बढ़ जाएगा। टीम को अब सॉलिड प्लानिंग और परफेक्ट 11 के साथ मैदान में उतरना होगा।
क्या बदलाव से बर्बादी हुई
जब गौतम गंभीर ने टीम की कमान संभाली थी, तब भारत ने लगातार टी20 सीरीज जीतीं। विदेश में भी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। उस वक्त गंभीर की स्ट्रैटेजी बिल्कुल साफ थी। फियरलेस क्रिकेट खेलो और अपोनेंट को प्रेशर में लाओ। लेकिन एशिया कप 2025 के बाद टीम में कई चेंज हुए, और यहीं से मामला बिगड़ने लगा।
ये गंभीर कदम उठा सकते हैं....
1. ज्यादा प्रयोग बंद करें
टीम को स्टैबिलिटी की जरूरत है। जिन खिलाड़ियों ने पहले अच्छा प्रदर्शन किया है, उन्हें लगातार मौके मिलना चाहिए।
2. सूर्यकुमार नंबर 3 पर ही खेलें।
सूर्यकुमार यादव ने नंबर 3 पर एक शतक और छह अर्धशतक लगाए हैं। उन्हें फिर उसी ऑर्डर पर भेजना टीम के लिए फायदेमंद हो सकता है।
3. स्पिन के खिलाफ नई रणनीति
भारतीय बल्लेबाज स्पिन के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। गंभीर अपने करियर में स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ सिंगल-डबल लेकर इनिंग्स बिल्ड करते थे। अब टीम को भी यही तरीका अपनाना होगा। हालांकि, यह फॉर्मेट बड़े शॉट डिमांड करता है।
अभिषेक शर्मा की फॉर्म टेंशन
अभिषेक लगातार तीन बार 0 पर आउट हुए। हालांकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने थोड़ी बेहतर बल्लेबाजी की, लेकिन अभी भी वह लय में नहीं हैं। दिलचस्प बात यह है कि 2014 IPL में खुद गंभीर भी तीन बार लगातार 0 पर आउट हुए थे, लेकिन बाद में शानदार वापसी की थी।

