सिक्सर या आउट, मामला उलझा: फिन एलेन के विकेट पर विवाद, IPL में अंपायरिंग कंट्रोवर्सी; VIDEO
Published:
3 min read

KKR टीम के ओपनर फिन एलेन का कैच थर्ड मैन पर दिग्वेश राठी ने लिया था।
स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन में गुरुवार (9 अप्रैल) को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच मैच खेला गया। ईडन गार्डन्स में हुए इस मैच में एक बड़ा विवाद देखने को मिला है। यह अंपायरिंग कंट्रोवर्सी रही, जो सोशस मीडिया पर काफी ट्रेंड हो रही है।
दरअसल, इस मैच में कोलकाता टीम की पारी के दौरान ओपनर फिन एलेन के विकेट का विवाद था। पारी के दूसरे ओवर में पेसर प्रिंस यादव चौथी बॉल बैक ऑफ ए लेंथ डिलिवरी डाली। फिन एलेन ने हवाई शॉट खेला, लेकिन बॉल बैट का ऊपरी किनारा लेकर थर्ड मैन की ओर गई।
राठी ने क्लीन कैच लिया या नहीं
यहां बाउंड्री पर दिग्वेश राठी ने बॉल को कैच किया। बस पूरा विवाद इसी दौरान का है। दिग्वेश ने जब कैच लिया, तब उनका एक पैर बाउंड्री रोप के बेहद करीब था। थर्ड अंपायर ने इसे क्लीन कैच माना और एलेन को आउट दिया।
जबकि कुछ पूर्व क्रिकेटर्स, कमेंटेटर्स और फैन्स का मानना है कि थर्ड अंपायर ने सही से नहीं देखा। राठी के पैर के पंजे का कुछ हिस्सा रोप से लग रहा था। ऐसे में एलेन आउट नहीं थे, बल्कि यह छक्का दिया जाना चाहिए था। इसके बाद से ही राठी ने क्लीन कैच लिया या नहीं, इसको लेकर बहस शुरू हो गई। इस कैच का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें आप भी देख सकते हैं कि यह क्लीन कैच था या नहीं।
कैच को लेकर कमेंटेटर्स ने क्या कहा
इसी कैच के दौरान कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने कहा कि यह कैच क्लीन नहीं है। पैर का कुछ हिस्सा रोप से जरूर लग रहा है। कमेंटेटर हर्षा भोगले और फाफ डु प्लेसिस ने कहा कि अंपायर्स को और भी कई एंगल से देखना चाहिए था। रीप्ले देखने के बाद हर्षा ने कहा- मुझे लगा कि पैर का हल्का सा हिस्सा टच हुआ है। इसे बहुत ध्यान से और कई ऐंगल से देखने की जरूरत थी।
एलेन के 8 बॉल पर 9 रन
इस पारी में कोलकाता टीम ने 4 विकेट गंवाकर 181 रन बनाए। फिन एलेन 8 बॉल पर 9 रन ही बना सके। कप्तान अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी फिफ्टी नहीं लगा सके। रघुवंशी ने 33 बॉल पर 45 और रहाणे ने 24 बॉल पर 41 रन बनाए। आखिर में रोवमैन पॉवेल ने 24 बॉल पर नाबाद 39 रन की पारी खेली।
यह मैच लखनऊ टीम ने 3 विकेट से जीत लिया। इस सीजन में लखनऊ टीम की यह लगातार दूसरी जीत है। इस जीत के हीरो मुकुल चौधरी रहे, जिन्होंने 27 बॉल पर नाबाद 54 रन बनाए।

