35 हजार से 19 करोड़ तक FIFA World Cup 2026 का टिकट: FIFA के प्रेसिडेंट बोले- टिकट सस्ते होते तो लोग ब्लैक करते; फाइनल 19 जुलाई को
Published: Updated:
3 min read

FIFA World Cup में 48 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत 11 जून 2026 को Mexico से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 19 जुलाई को MetLife Stadium में खेला जाएगा।(फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल टूर्नामेंट FIFA World Cup 2026 को लेकर पूरी दुनिया में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। पहली बार ऐसा होगा जब वर्ल्ड कप में 48 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत 11 जून 2026 को Mexico से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 19 जुलाई को MetLife Stadium में खेला जाएगा।
हालांकि इस बार मैचों से ज्यादा चर्चा टिकटों की कीमतों को लेकर हो रही है। आम फुटबॉल फैंस के लिए स्टेडियम में बैठकर मैच देखना अब बेहद महंगा साबित हो सकता है। टिकटों की कीमतें इतनी ज्यादा हैं कि सोशल मीडिया पर कई फैंस ने नाराजगी जाहिर की है।
शुरुआती कीमत 35 हजार रुपए
FIFA द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक- ग्रुप स्टेज मुकाबलों के टिकट की शुरुआती कीमत 380 डॉलर यानी करीब 35 हजार रखी गई है। वहीं प्रीमियम सीटों की कीमत 4,100 डॉलर यानी लगभग 3.8 लाख तक पहुंच रही है। कुछ मुकाबलों के टिकट Canada और Mexico में 300 डॉलर से लेकर 4,000 डॉलर तक बिक रहे हैं।

नॉकआउट की टिकट और महंगी
अगर नॉकआउट मुकाबलों की बात करें तो टिकट और भी महंगे हो जाते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक- नॉकआउट मैचों के टिकट करीब 1,500 डॉलर यानी 1.3 लाख तक पहुंच चुके हैं। वहीं फाइनल मुकाबले की VIP सीटों के टिकट 11,000 डॉलर यानी करीब 9 लाख से ज्यादा में बिक रहे हैं।

फाइनल की टिकट 19 करोड़ की
सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात टिकटों की रीसेल कीमत है। अमेरिका में टिकट रीसेल की अनुमति होने के कारण लोग टिकट खरीदकर उन्हें कई गुना ज्यादा दाम पर बेच रहे हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक-न्यू जर्सी में होने वाले फाइनल मैच के चार टिकट 2.3 मिलियन डॉलर यानी लगभग 19 करोड़ प्रति टिकट तक में लिस्ट किए गए हैं। हालांकि अभी तक इन टिकटों का कोई खरीदार नहीं मिला है, लेकिन अगर फाइनल में अर्जेंटीना, ब्राजील या फ्रांस जैसी टीमें पहुंचती हैं, तो कीमतें और बढ़ सकती हैं।
इस पूरे मामले पर FIFA के प्रेसिडेंट जियानी इंफैंटिनो ने भी अपना रिएक्शन दिया है। फीफा टिकटों की ऊंची कीमतों का बचाव करते हुए कहा-अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा एंटरटेनमेंट मार्केट है और टिकटों की कीमतें बाजार के हिसाब से तय की गई हैं। उन्होंने कहा कि अगर टिकट बहुत सस्ते रखे जाते, तो लोग उन्हें खरीदकर और ज्यादा दाम में बेचते। रीसेल मार्केट की वजह से टिकटों के दाम तेजी से बढ़ रहे हैं। हालांकि उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर कोई फाइनल का 2.3 मिलियन डॉलर वाला टिकट खरीदता है, तो वह खुद जाकर उसे हॉट डॉग और कोक सर्व करेंगे।

