फखर जमां तो गया: अब तो सबूत भी आ गए; बॉल टेम्परिंग पर पूर्व क्रिकेटर बोले- तीनों को सजा मिलेगी
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 सीजन में एक बड़ा विवाद सामने आया है। पाकिस्तानी प्लेयर फखर जमां, हारिस रऊफ और शाहीन शाह अफरीदी बॉल टेम्परिंग में फंसते दिख रहे हैं। फखर को दोषी करार दिया गया है। जबकि रऊफ और अफरीदी को भी सजा मिल सकती है। इसी बीच पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर्स का भी एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे तीनों को सजा मिलने की बात कहते दिख रहे हैं।
फखर ने बॉल टेम्परिंग की
दरअसल, रविवार यानी 29 मार्च को हुए मैच में कराची किंग्स ने लाहौर कलंदर्स को 4 विकेट से हराया। इसी मैच के आखिरी ओवर में लाहौर टीम के ओपनर फखर ने बॉल से छेड़छाड़ की। इस दौरान कप्तान अफरीदी और पेसर रऊफ भी मौजूद थे।
अंपायर्स ने बॉल की कंडीशन पर शक होने के बाद उसे बदल दिया। साथ ही लाहौर पर 5 रन की पेनल्टी लगाई। इस केस की जांच के लिए PSL ने कमेटी बनाई है। मैच के बाद इस वाकये का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें फखर को बॉल से छेड़छाड़ करते साफ देखा गया।
फखर गया, अब तो सबूत भी आ गए
इसी वीडियो को देखते हुए पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर बासित अली ने ARY न्यूज चैनल के एक शो पर कहा- गया फखर जमां। अब तो सबूत भी आ गए। साफ-साफ बॉल टेम्पर हुआ है।
इसी दौरान पैनल में मौजूद पूर्व विकेटकीपर कामरान अकमल ने कहा- पहले तो कुछ नहीं होना था, सबूत नहीं थे। अब तो सबूत आ गए हैं। अब ज्यादा सख्ती होगी और बड़ा फाइन लग सकता है। कप्तान पर भी फाइन हो सकता है। कप्तान, हारिस और फखर तीनों हैं। कप्तान ने भले कुछ ना किया हो, लेकिन उस पर भी जिम्मेदारी बनती है।
आखिर मैच में क्या हुआ
असल में, आखिरी ओवर से पहले अफरीदी, हारिस और फखर आपस में बातचीत कर रह थे। उसके बाद बॉल से छेड़छाड़ करने लगे। तभी अंपायर ने बॉल मांगी और जांच के बाद उसे बदल दिया। साथ ही अंपायर्स ने बॉल टेम्परिंग के चलते इसे अपराध मानते हुए लाहौर पर 5 रन की पेनल्टी भी लगाई।
आखिरी ओवर में कराची को 14 रन चाहिए थे। पेनल्टी मिलने के बाद टारगेट सिर्फ 9 रन रह गया। टीम ने वहीं ओवर की पहली 3 गेंद के भीतर ही टारगेट चेज कर लिया।

