फखर जमां पर 2 मैच का बैन: पाकिस्तान सुपर लीग के मैच में बॉल टेम्परिंग की, वीडियो भी वायरल हुआ
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) 2026 सीजन के बीच ओपनर फखर जमां पर दो मैच का बैन लगा है। उन्हें एक मैच में बॉल टेम्परिंग करने का दोषी पाया गया है। इस मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ, जिसमें फखर को बॉल से छेड़छाड़ करते देखा गया।
इसी मामले के चलते फखर को आर्टिकल 2.14 के लेवल 3 के उल्लंघन का दोषी पाया गया था। उन्हें अब सजा मिली है। बॉल टेम्परिंग का यह मामला 29 मार्च को हुए लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच मैच का है।
सुनवाई में अफरीदी भी शामिल थे
फखर PSL में लाहौर कलंदर्स टीम से खेल रहे हैं। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया था। इसके बाद मैच रेफरी रोशन महानामा ने सुनवाई की। इस दौरान लाहौर टीम के कप्तान शाहीन अफरीदी और टीम डायरेक्टर समीन राणा के साथ मैनेजर फारूक अनवर भी मौजूद रहे। सुनवाई के बाद फखर को सजा सुनाई गई।
फखर ने बॉल टेम्परिंग की
दरअसल, रविवार यानी 29 मार्च को हुए मैच में कराची किंग्स ने लाहौर कलंदर्स को 4 विकेट से हराया। इसी मैच के आखिरी ओवर में लाहौर टीम के ओपनर फखर ने बॉल से छेड़छाड़ की। इस दौरान कप्तान अफरीदी और पेसर रऊफ भी मौजूद थे।
अंपायर्स ने बॉल की कंडीशन पर शक होने के बाद उसे बदल दिया। साथ ही लाहौर पर 5 रन की पेनल्टी लगाई। इस केस की जांच के लिए PSL ने कमेटी बनाई। मैच के बाद इस वाकये का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें फखर को बॉल से छेड़छाड़ करते साफ देखा गया।
आखिर मैच में क्या हुआ
असल में, आखिरी ओवर से पहले अफरीदी, हारिस और फखर आपस में बातचीत कर रह थे। उसके बाद बॉल से छेड़छाड़ करने लगे। तभी अंपायर ने बॉल मांगी और जांच के बाद उसे बदल दिया। साथ ही अंपायर्स ने बॉल टेम्परिंग के चलते इसे अपराध मानते हुए लाहौर पर 5 रन की पेनल्टी भी लगाई।
आखिरी ओवर में कराची को 14 रन चाहिए थे। पेनल्टी मिलने के बाद टारगेट सिर्फ 9 रन रह गया। टीम ने वहीं ओवर की पहली 3 गेंद के भीतर ही टारगेट चेज कर लिया।

