बाॅल टेम्परिंग पाकिस्तानी प्लेयर्स की आदत: मो. यूसुफ-शोएब अख्तर भी यही करते थे; वकार तो सस्पेंड भी हुए थे; फिर क्यों उठा ये विवाद, जानिए
Published:
2 min read

2000 में वकार यूनिस पाकिस्तान के पहले खिलाड़ी बने, जिन्हें बाॅल टेम्परिंग के लिए सस्पेंड होना पड़ा और जुर्माना देना पड़ा था। (फाइल)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में रविवार रात एक मैच में पाकिस्तान के इंटरनेशनल प्लेयर फखर जमान बाॅल टेम्परिंग करते हुए कैमरे में रिकॉर्ड हो गए। इस घटना ने फिर साबित कर दिया कि पाकिस्तानी प्लेयर्स की आदतें नहीं बदलीं। यह घटना हमें 1980 और 1990 के दशक में पाकिस्तान की भारत के खिलाफ खेलने के तरीके की याद दिलाती है।
पाकिस्तानी मीडिया अक्सर टीम की इंडिया के खिलाफ हेड-टू-हेड का जिक्र करती है। हालांकि, 10 साल में बमुश्किल पाकिस्तानी टीम हमसे जीत पाई है। बहरहाल, फखर जमान की बॉल टेम्परिंग वाली ताजा घटना मोहम्मद यूसुफ, सकलेन मुश्ताक और शोएब अख्तर का दौर याद दिलाती है।

उस दौर में इतने कैमरे नहीं होते थे
भारत और पाकिस्तान के मैच विवादों से भी घिरे रहे हैं। 1980 और 1990 के दशक में पाकिस्तान की टीम भारत के खिलाफ जीतने के लिए गेंद से छेड़छाड़ किया करती थी। जब बॉल का शेप खराब हो जाता था तो कथित तौर पर वो रिवर्स स्विंग होने लगती थी। हालांकि, उस दौर में आज की तरह मल्टीपल HD कैमरे नहीं होते थे। लिहाजा, छिपकर गेंद का शेप खराब करना, आसानी से पकड़ में नहीं आता था।

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और ओपनर आमिर सोहेल ने एक इंटरव्यू में कहा था- उस दौर में पाकिस्तान के पास शानदार खिलाड़ी थे। जैसे इमरान खान, जावेद मियांदाद, वसीम अकरम, वकार यूनिस और शोएब अख्तर। इन्होंने भारत-पाकिस्तान मुकाबलों पर असर डाला है। हालांकि सबसे बड़ा कारण गेंद से छेड़छाड़ और फिर इसके जरिए रिवर्स स्विंग कराना था। खासकर शारजाह जैसी सूखी पिच पर यह हरकत कारगर साबित होती थी। उस समय मैच के दौरान कैमरों की कमी ने भी इसे आसान बना दिया था।

ICC की सख्ती
कई पाकिस्तानी खिलाड़ी जैसे शाहिद अफरीदी, शोएब अख्तर, वकार यूनिस और अजहर महमूद को गेंद से छेड़छाड़ के कारण सस्पेंड होना पड़ा और उन पर जुर्माना भी लगा। 2000 में वकार यूनिस पहले खिलाड़ी बने, जिन्हें बाॅल टेम्परिंग के लिए न सिर्फ सस्पेंड किया गया, बल्कि उन पर पेनल्टी भी लगी।
ICC इस मामले में बेहद सख्त है। 2018 का ऑस्ट्रेलिय का सैंडपेपर केस इसका उदाहरण है। इसमें स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर को बाॅल से छेड़छाड़ के चलते एक साल का बेन झेलना पड़ा था।


