भारत आने से इनकार बांग्लादेश को पड़ेगा भारी : फाइनेंशियल नुकसान 2 से 5 करोड़, 15 करोड़ तक का जुर्माना भी लग सकता है
Published:
2 min read

टी20 वर्ल्ड कप के ग्रुप स्टेज में खेलने पर फीस के तौर पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को 3 से 6 करोड़ टका मिलते, जो अब नहीं मिलेंगे।
स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा नहीं लेगा। यह टूर्नामेंट 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेला जाएगा। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने साफ कर दिया है कि बांग्लादेश की जगह अब स्कॉटलैंड की टीम वर्ल्ड कप खेलेगी। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए टीम को भारत भेजने से मना कर दिया था।
खिलाड़ी टूर्नामेंट खेलने के पक्ष में थे। बोर्ड ने उनसे राय नहीं ली। फैसला सरकार स्तर पर लिया गया। इसके बाद ICC ने बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। T20I वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद बांग्लादेश को बड़ा फाइनेंशियल नुकसान हो सकता है।
बांग्लादेश को कितना नुकसान
यदि बांग्लादेश टीम वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज के मैच खेलकर बाहर होती तो उसे बतौर फीस 2 से 5 करोड़ भारतीय रुपए मिलते, जो अब नहीं मिलेंगे। यह उसे बड़ा नुकसान होगा। इसके अलावा ICC मेंबर पार्टिसिपेशन एग्रीमेंट के तहत BCB पर 15 करोड़ भारतीय रुपए तक का जुर्माना भी लग सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, टूर्नामेंट के रेवेन्यू शेयरिंग से बाहर होने पर बांग्लादेशी बोर्ड को करीब 243 से 247 करोड़ भारतीय रुपए का नुकसान हो सकता है। यह रकम BCB की सालाना कमाई का लगभग 60 फीसदी बताई जा रही है।
खिलाड़ियों की कमाई पर असर
इस फैसले का असर खिलाड़ियों की ब्रांड डील्स पर भी पड़ सकता है। कई बांग्लादेशी खिलाड़ी इंडियन स्पोर्ट्स ब्रांड SG और SS से जुड़े हुए हैं। इन कॉन्ट्रैक्ट्स की अब समीक्षा की जा रही है, जिससे खिलाड़ियों की मैदान के बाहर की कमाई में कमी आ सकती है।
ICC का फैसला
बांग्लादेश ने ICC से मैच श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की थी। ICC ने इसे नहीं माना। ICC का कहना है कि भारत में किसी तरह का सुरक्षा खतरा नहीं है। टूर्नामेंट तय शेड्यूल के अनुसार ही होगा। ICC ने BCB को 24 घंटे का वक्त दिया था। वहीं बोर्ड अपने फैसले पर अड़ा रहा। ऐसे में बांग्लादेश को बाहर कर दिया गया।

