तमीज के दायरे में रहो: PCB की शादाब को वॉर्निंग, कहा- सीनियर्स की इज्जत करें; एक्स प्लेयर्स पर कमेंट्स किए थे
Published:
4 min read

स्पोर्ट्स डेस्क: वर्ल्ड कप के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने ऑलराउंडर शादाब खान को पूर्व खिलाड़ियों पर कमेंट्स के लिए चेतावनी दी है। बोर्ड ने टीम मैनेजर के जरिए शादाब को मैसेज भेजा है। इसमें कहा गया है कि शादाब सिर्फ खेल से ताल्लुक रखें, मीडिया मैनेजर बनने की कोशिश न करें।
यह दावा एक मीडिया रिपोर्ट में किया गया है। खास बात यह है कि इसके बाद गुरुवार को होने वाली पाकिस्तान टीम की मीडिया ब्रीफिंग भी नहीं हो सकी थी।
पहले जानते हैं शादाब ने क्या कहा था…
शादाब ने नामीबिया की जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में तंजिया लहजे में कहा था- पूर्व क्रिकेटर्स को टीम को सलाह नहीं देनी चाहिए। 2021 में हमारी ही टीम ने भारत को हराया था। किसी पूर्व क्रिकेटर ने ऐसा नहीं किया।
उन्होंने आगे कहा- क्रिकेट का इतिहास गवाह है कि वर्ल्ड कप में भारत को हराना कभी आसान नहीं रहा। यहां तक कि कई दिग्गज खिलाड़ी भी ऐसा करने में नाकाम रहे हैं। इसलिए आज की टीम को कम नहीं आंकना चाहिए।
इस वीडियो में देखिए शादाब ने क्या कहा था
पुराने खिलाड़ियों का सम्मान करें
PCB ने टीम मैनेजर नावेद चीमा के जरिए शादाब को मैसेज भेजा। इसमें बताया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में जो उन्होंने कहा वो बोर्ड की लाइन ऑफ स्टेटमेंट नहीं हो सकती। बोर्ड ने यह भी कहा कि सकलैन मुश्ताक समेत सभी पुराने खिलाड़ी पाकिस्तान और दुनिया की क्रिकेट में सम्मान रखते हैं। लिहाजा, बहुत संभलकर बात करें। खिलाड़ी सिर्फ मैच पर बात करें। अगर कोई लाइन क्रॉस करता है तो एक्शन लिया जाएगा।
बता दें कि सकलैन मुश्ताक ने पाकिस्तान टीम पर कमेंट किया था। सकलैन और शादाब के बीच ससुर-दामाद का रिश्ता है। सकलैन उनके ससुर हैं।
बेटा..पहले परफॉर्म कर लो
इस मामले पर शाहिद अफरीदी भी शादाब से खफा हैं। उन्होंने समा टीवी पर एक प्रोग्राम में कहा- जितना आप भारत से नहीं जीते, उससे कहीं ज्यादा हम जीते और इज्जत से खेले। जीत मुबारक, लेकिन बेटा जवाब बैट और बॉल से दो। जुबान से नहीं। इसलिए पहले परफॉर्म कर लो, बेइज्जती बाद में कर लेना।
शादाब को अपने ससुर से ऐसा नहीं बोलना चाहिए
शादाब के ससुर सकलैन मुश्ताक ने भी इस बयान पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा कि यह एक गैर-जरूरी कमेंट था। कई खिलाड़ी उनके साथ खेल चुके हैं। उन्होंने यह भी माना भले ही उन्होंने ICC ट्रॉफी नहीं जीती हो, लेकिन उन्होंने टेस्ट और ODI में पाकिस्तान के लिए कई बड़े मैच जीते हैं।
पूर्व विकेटकीपर-बैटर कामरान अकमल ने भी शादाब के कमेंट्स की आलोचना करते हुए कहा-पूर्व खिलाड़ियों के खिलाफ ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। सावधानी बरतनी चाहिए।

शादाब के ससुर सकलैन मुश्ताक
अब सावधान पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट
टीम मैनेजमेंट भी मीडिया से बातचीत को लेकर सावधान लग रहा है। इंडिया मैच से दो दिन पहले तक किसी भी खिलाड़ी को मीडिया से बात करने की इजाजत नहीं थी। उस्मान तारिक नामीबिया मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए थे। इंडिया मैच में बॉलिंग में देरी के बारे में पूछे जाने पर मीडिया मैनेजर नईम गिलानी ने उन्हें जवाब देने से रोक दिया। उन्होंने कहा कि हेड कोच माइक हेसन ने पहले ही सवाल का जवाब दे दिया था।
शादाब का तंज किस पर
असल में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और कोच मोहम्मद यूसुफ ने हाल ही में कहा था कि 2021 में भारत पर मिली जीत के बाद से टीम में ओवरकॉन्फिडेंस आ गया था। कुछ खिलाड़ी हेड कोच की बात नहीं सुन रहे थे। यहीं से पाकिस्तान क्रिकेट का पतन शुरू हुआ। यूसुफ ने साफ तौर पर बाबर आजम का नाम लेते हुए कहा था- वो कोच और सिलेक्टर की बात तक नहीं सुनते थे। यही हाल शाहीन शाह अफरीदी का था। इसलिए मैंने इस्तीफा दे दिया था।
इस वीडियो से शुरू हुआ विवाद
टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 में पाकिस्तान
पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 में जगह बना ली है। बुधवार को टीम ने नामीबिया को 102 रन से हराया था। सुपर-8 में पाकिस्तान के साथ ग्रुप में श्रीलंका, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड है।

